बिलासपुर । शहर में अवैध हथियार लेकर घूमने और आम लोगों में भय पैदा करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में सरकंडा पुलिस ने रविवार को डीएलएस चौक क्षेत्र में बटनदार चाकू लहराकर राहगीरों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से लोहे का बटनदार चाकू जप्त कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा एएसपी (शहर) पंकज पटेल व सीएसपी सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार चौहान की टीम द्वारा क्षेत्र में सतत निगरानी रखी जा रही है। 23 नवंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि डीएलएस चौक के पास सार्वजनिक स्थान पर एक युवक हाथ में चाकू लहराकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही युवक को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दशरथ साहु पिता दिनेश साहु (22 वर्ष), निवासी पानी टंकी के पास, अशोक नगर 26 नंबर ब्लॉक, सरकंडा बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से काले रंग का एक लोहे का बटनदार चाकू बरामद हुआ।
पुलिस ने गवाहों के समक्ष चाकू को विधिवत जप्त कर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1715/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 व 27 के अंतर्गत मामला दर्ज किया। अपराध अजमानतीय प्रकृति का होने के कारण पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।







