विष्णु भैया की सरकार में किसानों का बढ़ा भरोसा, कृषक श्री चन्द्रहास त्रिपाठी ने सहज धान खरीदी पर जताई खुशी

Farmers' confidence in Vishnu Bhaiya's government has increased; farmer Chandrahas Tripathi expressed happiness over the smooth procurement of paddy.

घर बैठे ऑनलाइन टोकन से आसान हुआ धान विक्रय, समय की बचत के साथ खत्म हुई अनावश्यक भागदौड़

21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचने पर भी मिलेगी पूरी आदान सहायता राशि, छोटे किसानों को मिलेगा पूरा लाभ

कोरबा 23 नवंबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार किसानों की सुविधा, समृद्धि और खुशहाली को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर कार्य कर रही है। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के साथ ही धान विक्रय की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत संचालित धान खरीदी महाअभियान में किसानों को घर बैठे ऑनलाइन टोकन प्राप्त करने की सुविधा से लेकर उपार्जन केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे किसानों को अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलने के साथ ही समय की बचत हो रही है और धान विक्रय की प्रक्रिया पहले से अधिक सहज बन रही है।
राज्य सरकार की इसी किसान हितैषी व्यवस्था का लाभ कोरबा जिले के कटघोरा पुरानी बस्ती निवासी कृषक श्री चन्द्रहास त्रिपाठी, पिता श्री मुरारी लाल त्रिपाठी को भी मिल रहा है। श्री त्रिपाठी ने घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त किया और निर्धारित तिथि पर आज कटघोरा धान उपार्जन केंद्र पहुंचकर 20 क्विंटल धान का विक्रय किया। उन्हें टोकन प्राप्त करने से लेकर उपार्जन केंद्र में धान विक्रय करने तक किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।
श्री त्रिपाठी बताते हैं कि वे एक छोटे किसान हैं और उनके पास लगभग एक एकड़ से कुछ अधिक कृषि भूमि है, जिसमें वे धान की खेती करते हैं। पिछले वर्ष भी उन्होंने लगभग 17 क्विंटल धान का विक्रय किया था। ऑनलाइन टोकन व्यवस्था उनके लिए काफी सुविधाजनक साबित हुई है। पहले टोकन और अन्य प्रक्रियाओं के लिए उपार्जन केंद्र तक आने-जाने में समय लगता था, लेकिन अब घर बैठे ही ऑनलाइन टोकन प्राप्त होने से उन्हें इस अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिली है। निर्धारित तिथि की जानकारी होने से वे अपनी सुविधा के अनुसार धान की तैयारी कर सीधे उपार्जन केंद्र पहुंच पा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि धान लेकर केंद्र पहुंचने पर भी उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। उपार्जन केंद्र में किसानों की सुविधा के लिए बैठने की व्यवस्था, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं। वहीं केंद्र में कार्यरत कर्मचारियों का सहयोग भी मिलता है। इससे धान विक्रय की पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो रही है। श्री त्रिपाठी के अनुसार, किसानों को मिलने वाली इन सुविधाओं से उनका समय बच रहा है और बिना किसी अनावश्यक परेशानी के अपनी उपज का विक्रय कर पा रहे हैं।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा किसानों के हित में लिए जा रहे निर्णयों की सराहना करते हुए श्री त्रिपाठी ने कहा कि सरकार द्वारा किसानों को बेहतर सुविधाएं देने के साथ ही आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा रहे हैं। विशेष रूप से 21 क्विंटल प्रति एकड़ की निर्धारित सीमा से कम धान विक्रय करने वाले किसानों को भी पूरी आदान सहायता राशि प्रदान किए जाने का निर्णय उनके जैसे छोटे किसानों के लिए काफी लाभकारी है। कई बार छोटे किसानों की उपज निर्धारित सीमा से कम होती है, ऐसे में इस निर्णय से उन्हें भी पूरी सहायता राशि का लाभ मिल सकेगा। इससे किसानों को आर्थिक संबल मिलेगा और खेती-किसानी के प्रति उनका भरोसा और मजबूत होगा।
कृषक श्री चन्द्रहास त्रिपाठी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विष्णु भैया की सरकार में किसानों को अच्छी सुविधाएं मिल रही हैं। घर बैठे ऑनलाइन टोकन की सुविधा, उपार्जन केंद्रों में बेहतर व्यवस्था और किसानों के हित में लिए जा रहे निर्णयों से धान विक्रय का कार्य आसान हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार की इन पहल से छोटे और सीमांत किसानों को भी काफी राहत मिल रही है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया।