पीड़ित परिवार से मिली महापौर व आयुक्त, बधाया ढाढस, हरसंभव सहयोग का दिलाया भरोसा, दिया 01 लाख रू. की अनुग्रह राशि चेक

The Mayor and Commissioner met with the victim's family, offered condolences, assured them of all possible assistance, and presented them with a cheque for ₹1 lakh.

( दादरखुर्द में हुई कुत्तों के हमले से मौत की घटना पर निगम
प्रशासन एक्शन में, आवारा कुत्तों को पकड़ने चलाया महाअभियान )

कोरबा 17 जुलाई 2026 – दादरखुर्द बस्ती में गुरूवार शाम कुत्तों के झुंड के हमलों से बच्चे की हुई मौत से पीड़ित परिवार को ढाढस बधाने महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत एवं आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय दादरखुर्द पहुंचे, उन्होने मृतक बच्चे के माता-पिता से मिलकर उन्हें ढाढस बधाया तथा इस अत्यंत दुखद व मार्मिक घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुये परिवारजनों को निगम प्रशासन से हरसंभव सहायता दिये जाने का भरोसा दिलाया। महापौर श्रीमती राजपूत ने पीड़ित परिवार को 01 लाख रूपये की अनुग्रह राशि का चेक प्रदान किया। विगत गुरूवार को नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्र की दादर बस्ती में कुत्तों के झंुड के हमले से छोटे बच्चे प्रकाश पटेल की दुखद मृत्यु हो गई थी, बच्चे का परिवार मूलतः पडोसी जिले जांजगीर चांपा के मोहतरा गांव का रहने वाला है, बच्चे के माता-पिता दादरखुर्द में रहकर रोजी-मजदूरी का कार्य करते हैं। मृतक बच्चे प्रकाश पटेल के मामा नारायण प्रसाद पटेल एवं अन्य प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना के दिन बच्चे के माता-पिता बच्चे को साथ लेकर घर के नजदीक ही रोजी मजदूरी करने गये थे, कुछ समय बाद बच्चा दादरखुर्द में आयोजित रथयात्रा में जाने को कहा तो उसके माता-पिता कहा कि ठीक है, घर जाकर तैयार होकर रथयात्रा में चले जाओ, बच्चा जैसे ही घर के समीप पहुंचाही था कि कुत्तों के झुंड ने घेरकर उस पर हमला कर दिया, तथा बुरी तरह घायल कर दिया, बच्चे को मेडिकल कालेज ले जाया गया, किन्तु इलाज के दौरान बच्चे की दुखद मौत हो गई। घटना की जानकारी प्राप्त होने पर महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत एवं आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय दादरखुर्द बस्ती पहुंचे तथा पीड़ित परिवार व बच्चे की माॅं एवं पिता से भेंटकर उन्हें ढाढस बधाया, उन्होने इस दर्दनाक घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुये उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

महापौर ने 01 लाख रू. की अनुग्रह राशि का चेक प्रदान किया

पीड़ित परिवार से मिलने पहुंची महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने पीड़ित परिवार के प्रति अपनी गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुये मृतक बच्चे के पिता किशोर पटेल को 01 लाख रूपये की अनुग्रह राशि का चेक प्रदान किया, उन्होने श्री पटेल को ढाढस बधाते हुये कहा कि हम सब उनके साथ हैं तथा उन्हें आगे किसी भी प्रकार की दिक्कत या परेशानी होती है तो वे तत्काल मुझे बताये, उनका हरसंभव सहयोग किया जायेगा। इस अवसर पर वार्ड पार्षद श्रीमती सुनीता चैहान, मण्डल अध्यक्ष राजेश राठौर भी उपस्थित थे।

आवारा कुत्तों को पकड़ने निगम ने चलाया महा अभियान

दादरखुर्द में हुइ इस दुखद घटना को अत्यंत गंभीरता से लेते हुये महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत व आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय के निर्देश पर निगम प्रशासन द्वारा आवारा कुत्तों को पकड़ने हेतु महाअभियान प्रारंभ कर दिया गया है तथा शुक्रवार को लगभग 22 आवारा कुत्तों को पकड़ कर श्वान वाहन के माध्यम से उन्हें डाॅग हाउस पहुंचाया गया है। निगम के स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ.संजय तिवारी ने बताया कि आवारा कुत्तों को पकड़ने हेतु नगर निगम कोरबा की टीम के साथ ही पड़ोसी जिले सक्ती से भी डाॅग स्क्वाट टीम बुलाई गई है तथा कुत्तों को पकड़ने के विशेष अभियान में इस टीम की सेवाएं भी ली जा रही हैं।

महापौर व आयुक्त ने की अपील

महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत व आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय ने नागरिकों से अपील की है कि वे छोटे बच्चों को अकेला न छोडे़, विशेषकर इस मौसम में कुत्ते ज्यादा उद्वेलित रहते हैं, अतः कुत्तों से विशेष सावधानी अपेक्षित है, उन्होने कहा कि कुत्तों को निर्धारित स्थलों पर ही भोजन दें तथा आवारा कुत्तों की जानकारी होने पर निगम से संपर्क कर कुत्तों का बध्याकरण कराने में सहयोग दें।

1040 कुत्तों का टीकाकरण व 425 का हो चुका बध्याकरण

आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय ने बताया कि नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा आवारा कुत्तों की जनसंख्या को रोकने के लिये लगातार बध्याकरण का कार्य किया जा रहा है तथा अब तक 1040 से अधिक कुत्तों का टीकाकरण किया जा चुका है, वहीं 425 कुत्तों का बध्याकरण भी हो चुका है तथा यह कार्यवाही आगे निरंतर जारी रहेगी। उन्होने बताया कि आवारा कुत्तों पर नियंत्रण हेतु प्रगतिनगर दर्री में पशुजन्म नियंत्रण, बध्याकरण तथा इन कुत्तों की देखभाल हेतु पशुजन्म नियंत्रण केन्द्र स्थापना का कार्य पूर्ण हो चुका है।