हिन्दुत्व रक्षक सम्मान समारोह एवं सनातनी सम्मेलन में 101 श्री-रामचरितमानस एवं 1001 श्री हनुमान चालीसा का निःशुल्क वितरण

Free distribution of 101 Shri Ramcharitmanas and 1001 Shri Hanuman Chalisas at the Hindutva Rakshak Samman ceremony and Sanatani conference

कोरबा 26 नवंबर2026/ कोरबा के प्रतिष्ठित धार्मिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता, प्रमुख व्यवसायी, श्री सप्तदेव सेवा समिति के प्रमुख ट्रस्टी तथा छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के चेयरमेन अशोक मोदी ने दिनांक 22 नवम्बर 2026, रविवार को घंटाघर स्थित ओपन थिएटर में धर्मसेना एवं मातृशक्ति के तत्वावधान में आयोजित भव्य’’ हिन्दुत्व रक्षक सम्मान समारोह एवं सनातनी सम्मेलन’’ में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने धार्मिक साहित्य के निःशुल्क वितरण के माध्यम से सनातन संस्कृति, धार्मिक चेतना एवं आध्यात्मिक मूल्यों के प्रचार-प्रसार का सराहनीय प्रयास किया।
इस गरिमामय आयोजन में अखिल भारतीय संत समिति के महासचिव स्वामी जितेन्द्रानंद सरस्वती जी, प्रखर एवं ओजस्वी वक्ता साध्वी माँ प्रज्ञा भारती जी, भाजपा छत्तीसगढ़ के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, धर्माचार्य संपर्क विभाग के प्रांत संयोजक आचार्य राकेश जी महाराज, अखिल भारतीय संत समिति के प्रदेश समाज प्रमुख डॉ. अशोक हरियंश जी, सनातन धर्म प्रचारक पंडित अजय उपाध्याय जी महाराज तथा घर वापसी अभियान की प्रदेश प्रमुख अंजू गवेल सहित अनेक संत-महात्माओं, धर्माचार्यों एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।


इस अवसर पर अशोक मोदी ने सम्मेलन में पधारे साधु-संतों, साध्वियों एवं विशिष्ट अतिथियों को श्रीरामचरितमानस की प्रतियां भेंट कर उनका सम्मान एवं अभिनंदन किया, उन्होंने उपस्थित संतजनों के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार में उनके योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा छत्तीसगढ़ के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री प्रबल प्रताप सिंह जूदेव एवं मोदी जी के मध्य धर्मांतरण की रोकथाम, सनातन संस्कृति के संरक्षण, हिन्दुत्व की मजबूती तथा समाज में धार्मिक एवं सांस्कृतिक जागरूकता बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत एवं सार्थक चर्चा हुई। सम्मेलन में घर वापसी करने वाले परिवारों को भी मोदी जी ने निःशुल्क श्रीरामचरितमानस की प्रतियां भेंट कीं तथा उन्हें अपनी सांस्कृतिक पहचान, धार्मिक परंपराओं एवं आध्यात्मिक विरासत से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया।
इसी क्रम में मोदी जी ने प्रखर वक्ता साध्वी माँ प्रज्ञा भारती जी से सौजन्य भेंट कर सनातन धर्म की महत्ता, धार्मिक परंपराओं के संरक्षण तथा समाज में आध्यात्मिक चेतना के विस्तार जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया। इस दौरान उन्होंने साध्वी जी को कोरबा के हृदयस्थल मेन रोड स्थित श्री सप्तदेव मंदिर में पधारकर भगवान के दर्शन करने हेतु सादर आमंत्रित किया।
इस पुनीत अवसर पर मोदी जी के साथ साथ जगदीश प्रसाद अग्रवाल एवं श्री भगवती प्रसाद गोयनका ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। उन्होने उपस्थित श्रद्धालुओं एवं जनसमूह के बीच 1001 श्री हनुमान चालीसा का निःशुल्क वितरण किया। इस अभियान का प्रमुख उददेश्य जन-जन तक धार्मिक साहित्य पहुंचाना, प्रभु श्रीराम एवं हनुमान जी के आदर्शों, मर्यादा, भक्ति, सेवा एवं समर्पण के संदेश को जनमानस तक पहुंचाना तथा युवा पीढ़ी सहित समाज के सभी वर्गों में धर्म, संस्कार एवं आध्यात्मिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
श्री अशोक मोदी ने कहा कि सनातन धर्म केवल हमारी धार्मिक आस्था का विषय नहीं है, बल्कि यह हमारी संस्कृति, संस्कार, जीवन मूल्यों, परंपराओं एवं सामाजिक एकता का मूल आधार है। श्रीरामचरितमानस और श्री हनुमान चालीसा जैसे धार्मिक ग्रंथ हमें मर्यादा, कर्तव्यनिष्ठा, भक्ति, साहस, सेवा एवं समर्पण की प्रेरणा देते हैं। इनका नियमित अध्ययन एवं अनुसरण समाज में नैतिक मूल्यों को सुदृ़ड करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।