कोरबा/ सरस्वती शिशु मंदिर, एच.टी.पी.पी., दर्री के प्रांगण में दिनांक 26 नवंबर 2026 को ‘संविधान दिवस’ अत्यंत गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। यह संपूर्ण कार्यक्रम विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती सुषमा बारस्कर की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात विद्यालय में भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन आयोजित किया गया। इस सामूहिक वाचन में कक्षा तृतीय से द्वादश तक के समस्त भैया-बहनों ने पूरे अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ सहभागिता निभाई। सभी विद्यार्थियों ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य श्रीमती सुषमा बारस्कर ने भैया-बहनों को भारतीय संविधान के निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा एवं इसके महत्व से अवगत कराया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि संविधान केवल नियमों की पुस्तक नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के अधिकारों का रक्षक और कर्तव्यों का पथप्रदर्शक है। उन्होंने सभी भैया-बहनों को अपने मौलिक कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने और एक जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान के साथ समारोह का विधिवत समापन हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त आचार्य-दीदी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहें
सरस्वती शिशु मंदिर, एच.टी.पी.पी. दर्री में आयोजित संविधान दिवस समारोह
Constitution Day Celebrations held at Saraswati Shishu Mandir, HTPP Darri







