कोरबा में धान खरीदी पर हाथियों का साया, 24 से अधिक उपार्जन केंद्र अलर्ट, लबेद में बनेगा 10 लाख क्विंटल क्षमता का संग्रहण केंद्र

Elephants loom large over paddy procurement in Korba, with more than 24 procurement centres on alert and a 1 million quintal storage centre to be built in Labed.

कोरबा। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी के बीच कोरबा जिले के वनांचल क्षेत्रों में हाथियों की मौजूदगी ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। कोरबा और कटघोरा वनमंडल में 73 हाथियों के विचरण से 24 से अधिक धान उपार्जन केंद्रों पर खतरा मंडरा रहा है। धान की गंध से आकर्षित होकर हाथियों के खरीदी केंद्रों तक पहुंचने और नुकसान पहुंचाने की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन और वन विभाग ने सुरक्षा एवं भंडारण की रणनीति में बदलाव किया है।

हाथी प्रभावित उपार्जन केंद्रों के धान को सुरक्षित रखने के लिए कोरबा वनमंडल के लबेद में संग्रहण केंद्र बनाया जा रहा है। इसकी क्षमता 10 लाख क्विंटल होगी। यहां 24 प्रभावित उपार्जन केंद्रों का धान रखा जाएगा। वहीं, कटघोरा वनमंडल क्षेत्र में भी वैकल्पिक संग्रहण केंद्र बनाने के लिए जगह की तलाश की जा रही है।

प्रस्तावित संग्रहण केंद्र में हाथी प्रभावित क्षेत्रों के अलावा उन उपार्जन केंद्रों का धान भी रखा जा सकेगा, जहां भंडारण की जगह कम है या उठाव में देरी के कारण जाम की स्थिति बन रही है। धान की सुरक्षा के लिए वनकर्मियों की तैनाती, हाई मास्ट लाइट और तार फेंसिंग की व्यवस्था की जाएगी।

पिछले सीजन में हाथियों ने पहुंचाया था नुकसान

पिछले धान खरीदी सीजन में हाथियों ने कई उपार्जन केंद्रों में घुसकर धान खाया था। इस दौरान शेड और तार फेंसिंग को भी नुकसान पहुंचाया गया था। इसे देखते हुए इस बार पहले से ही सतर्कता बरती जा रही है। पसान, केंदई, एतमा नगर, कुदमुरा, करतला और बालको क्षेत्र के खरीदी केंद्रों को विशेष संवेदनशील माना गया है।

वॉच टॉवर से दिन-रात होगी निगरानी

हाथी प्रभावित बासिन-संडेल सहित आधा दर्जन से अधिक वन क्षेत्रों में वॉच टॉवर बनाए गए हैं। यहां वनकर्मियों की तैनाती कर हाथियों की गतिविधियों पर दिन-रात नजर रखी जाएगी। वन विभाग ने गश्ती दल और हाथी मित्रों को भी सक्रिय कर दिया है।

उप वन मंडलाधिकारी मणिकांत वर्मा ने बताया कि धान उपार्जन केंद्रों के आसपास हाथियों के दल की मौजूदगी को देखते हुए संबंधित कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। केंद्र प्रभारियों को पर्याप्त रोशनी रखने, अनावश्यक रूप से धान का भंडारण नहीं करने और जल्द उठाव कराने के लिए कहा गया है। ग्रामीणों और किसानों को भी हाथियों के करीब नहीं जाने तथा उनकी गतिविधियों की सूचना तत्काल वन विभाग को देने की अपील की गई है।

इन धान खरीदी केंद्रों को किया गया अलर्ट

उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं ने कोरबा और कटघोरा वनमंडल के अधिकारियों को पत्र भेजकर हाथी प्रभावित उपार्जन केंद्रों की सूची साझा की है। इसमें श्यांग, लेमरू, बरपाली, चिरो, कोरबा, कोरकोमा, चचिया, कुदमुरा, जटगा, कटघोरा, पसान, लैंगा, मोरगा, पोड़ी उपरोड़ा, सिरमिना, कुल्हरिया, कोरबी, परसा, पिपरिया, सोहागपुर, लबेद, करतला, रामपुर, मदवानी, नवापारा और बेहरचुआ सहित अन्य केंद्र शामिल हैं।

जिला खाद्य अधिकारी घनश्याम सिंह कंवर ने बताया कि हाथी प्रभावित उपार्जन केंद्रों में धान की सुरक्षा और भंडारण की समस्या को देखते हुए लबेद को संग्रहण केंद्र बनाया जा रहा है। यहां 24 प्रभावित केंद्रों का धान रखा जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर कटघोरा वनमंडल क्षेत्र में भी संग्रहण केंद्र शुरू किया जाएगा। धान की सुरक्षा के लिए वनकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।

31 लाख क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य

इस खरीफ विपणन वर्ष में कोरबा जिले में आठ नए धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी शुरू की गई है। किसानों के पंजीयन और खरीदी के रकबे में वृद्धि को देखते हुए प्रशासन ने 31 लाख क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया है। धान खरीदी 15 जनवरी तक चलेगी।

खरीदी के बाद धान के उठाव और मिलिंग की प्रक्रिया को व्यवस्थित करने के लिए भी तैयारी की जा रही है। शासन की योजना के अनुसार खरीदी पूरी होने के बाद डीओ जारी कर संग्रहण केंद्रों में रखे धान के उठाव को प्राथमिकता दी जाएगी। मिलिंग में तेजी लाने के लिए जिले में मिलर्स की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया गया है और मिलर्स से अनुबंध की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।