गढ़कटरा। वनांचल क्षेत्र के बच्चों के चेहरे पर मुस्कान बिखेरने के उद्देश्य से प्राथमिक शाला गढ़कटरा में लगातार तीसरे वर्ष ‘दुनिया का सबसे सस्ता मेला’ आयोजित किया गया। इस अनूठी पहल के तहत मेले में बच्चों को खाने-पीने व खेल-खिलौने की सामग्री मात्र एक रुपये में, जबकि ग्रामीणों को पांच रुपये में उपलब्ध कराई गई। मेले में 100 से अधिक बच्चों और करीब इतने ही ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

बच्चों के लिए खास आकर्षण, ₹1 में मिले व्यंजन और गुब्बारे
आर्थिक कठिनाइयों, अभिभावकों के रोजी-मजदूरी में व्यस्त रहने और यातायात साधनों की कमी के कारण जो बच्चे बाहर के मेलों में नहीं जा पाते, उनके लिए विद्यालय परिवार ने यह पहल की है। मेले में केला, सेब, पेड़ा, बिस्कुट, मूंगदाल और गुलगुल भजिया जैसी सामग्री मात्र एक रुपये में दी गई। रंग-बिरंगे गुब्बारे (फुग्गे) बच्चों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
आतिशबाजी के साथ रावण दहन, बच्चों का हुआ सम्मान
मेले के दौरान मन्नू द्वारा तैयार किए गए विशाल रावण के पुतले का अतिथियों ने दहन किया। इस दौरान हुई शानदार आतिशबाजी से पूरा वातावरण उमंग से भर गया। कार्यक्रम में रावण का पुतला बनाने वाले मन्नू सहित राम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान का किरदार निभाने वाले बच्चों को सम्मानित किया गया। इसके बाद सभी को खीर, सोनपापड़ी व केले का प्रसाद तथा मिठाई के डिब्बे और फल वितरित किए गए।

इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एमबी पावर अनूपपुर के प्रेसिडेंट अजय अग्रवाल उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में समाजसेवी मनीष अग्रवाल, सीए अनंत केजरीवाल और सरपंच बहोरन मझवार शामिल हुए। अतिथियों ने विद्यालय में बच्चों के मध्याह्न भोजन के लिए 20 थालियां भेंट कीं। साथ ही, इस सफल आयोजन के लिए प्रधान पाठक श्रीकांत भारिया और शिक्षक अजय कौशले का विशेष सम्मान किया गया। विद्यालय परिवार ने सभी के प्रति आभार जताते हुए भविष्य में भी इस अनूठे मेले को जारी रखने का संकल्प लिया।







