पेंड्रा, 08 सितंबर। मरवाही वन मंडल क्षेत्र के ग्राम पंचायत नाका में बाड़ी में काम कर रही एक महिला पर अचानक भालू ने हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। चीख-पुकार सुनकर परिजन और पड़ोसी मौके पर पहुंचे और शोर मचाकर भालू को वहां से खदेड़ा।
जानकारी के अनुसार, ग्राम नाका निवासी सविता अपनी बाड़ी में थी। इसी दौरान अचानक भालू ने उस पर हमला कर दिया। हमले में महिला के शरीर पर गंभीर चोटें आईं। महिला की चीख सुनकर घर और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और शोर मचाकर भालू को जंगल की ओर भगाया।
108 एंबुलेंस ने पहुंचाया अस्पताल
घटना की सूचना मिलने के बाद डायल 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। आपातकालीन ड्यूटी पर तैनात ईएमटी शुक्ला प्रसाद एवं पायलट सुनील कुमार ने महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए मौके पर प्राथमिक उपचार दिया और उसे 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया।
जिला अस्पताल में इलाज जारी
जिला अस्पताल में महिला को भर्ती कर उपचार शुरू किया गया है। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल उसकी स्थिति सामान्य बनी हुई है और इलाज जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।







