कोरबा की हवा हुई साफ, स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में देश में 10वें स्थान पर

Korba's air becomes clean, ranks 10th in the country in the clean air survey

कोरबा नगर के नाम जुड़ी बड़ी उपलब्धि

उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा—सरकार और आम लोगों के संयुक्त प्रयास का परिणाम

कोरबा। कोरबा नगर के नाम एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ी है। स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में 3 लाख से 10 लाख की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में कोरबा ने देशभर में 10वां स्थान हासिल किया है। इससे पहले हुए सर्वेक्षण में कोरबा 18वें स्थान पर था। इस तरह शहर ने अपनी रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार किया है।

इस उपलब्धि पर उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने कोरबा नगरवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह पूरे शहर के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप कोरबा में वायु प्रदूषण को कम करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। शासन-प्रशासन के साथ आम नागरिकों के सहयोग से शहर के पर्यावरण को बेहतर बनाने की दिशा में निरंतर काम किया जा रहा है।

मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पौधारोपण को प्राथमिकता दी जा रही है। पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ हसदेव नदी को प्रदूषण से बचाने के लिए 300 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजना पर भी तेजी से कार्य जारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में इन प्रयासों के और बेहतर परिणाम सामने आएंगे।

उद्योग मंत्री श्री देवांगन ने इस उपलब्धि के लिए महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, नगर निगम आयुक्त श्री आशुतोष पांडेय एवं नगर निगम की पूरी टीम को बधाई दी और कहा कि यह उपलब्धि सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।