दिल्ली में 14 नवंबर को सजेगा ‘अग्र अलंकरण समारोह-2026’ का भव्य मंच, देश-विदेश की विशिष्ट प्रतिभाएं होंगी सम्मानित

A grand stage for the 'Agra Alankaran Samaroh-2026' will be organised in Delhi on November 14, where distinguished talents from India and abroad will be honoured.

नई दिल्ली। अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन द्वारा ‘अग्र अलंकरण समारोह-2026’ का भव्य आयोजन आगामी 14 नवंबर 2026 (शनिवार) को देश की राजधानी नई दिल्ली में किया जा रहा है। यह गरिमामय राष्ट्रीय समारोह जनपथ स्थित अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में प्रातः 10:00 बजे से आयोजित होगा।

संगठन के व्यापार एवं उद्योग समिति के राष्ट्रीय संयोजक अशोक मोदी ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि यह आयोजन संगठन के राष्ट्रीय चेयरमैन श्री प्रदीप मित्तल जी के कुशल मार्गदर्शन तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री कुलभूषण मित्तल जी की अध्यक्षता में संपन्न होगा। उन्होंने कहा कि यह समारोह समाज की सामूहिक शक्ति, संगठनात्मक एकता और सामाजिक उत्तरदायित्व का एक बड़ा प्रतीक बनने जा रहा है।

स्वामी ज्ञानानंद महाराज का मिलेगा सान्निध्य, मुख्यमंत्री व कैबिनेट मंत्री होंगे मुख्य अतिथि

इस गौरवशाली समारोह में परम श्रद्धेय गीता मनीषी महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज का पावन सान्निध्य व आशीर्वाद प्राप्त होगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दिल्ली की माननीय मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता एवं हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल उपस्थित रहेंगे, जिनकी गरिमामयी उपस्थिति में यह भव्य आयोजन संपन्न होगा।

समाज की विभूतियों को मिलेगा ‘महाराजा अग्रसेन ग्लोबल अवॉर्ड-2026’

अशोक मोदी ने बताया कि इस ऐतिहासिक अवसर पर देश-विदेश में अग्रवाल समाज का गौरव बढ़ाने वाली विशिष्ट प्रतिभाओं को ‘महाराजा अग्रसेन ग्लोबल अवॉर्ड-2026’ से नवाजा जाएगा। यह सम्मान समाज सेवा, शिक्षा, चिकित्सा, उद्योग, व्यापार, सामाजिक कल्याण एवं अन्य विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को प्रदान किया जाएगा।

नई पीढ़ी को संस्कार और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करना मुख्य उद्देश्य

आयोजन समिति के अनुसार, इस समारोह का प्रमुख उद्देश्य समाज की प्रतिभाओं एवं उनकी अभूतपूर्व उपलब्धियों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान दिलाना है। इसके साथ ही, अग्रवाल समाज की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए नई पीढ़ी को सेवा, संस्कार, सामाजिक समरसता, एकता और राष्ट्र निर्माण के कार्यों के लिए प्रेरित करना है।

अशोक मोदी ने की समाज बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में जुटने की अपील

राष्ट्रीय संयोजक अशोक मोदी ने देश भर के अग्रवाल समाज के बंधुओं, संगठन के पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं समाजसेवियों से इस गौरवशाली आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की पुरजोर अपील की है। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि समाज की प्रतिभाओं का सम्मान करना केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धियों का अभिनंदन नहीं है, बल्कि यह हमारे पूरे अग्रवाल समाज की गौरवशाली परंपरा, उद्यमशीलता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का सम्मान है। उन्होंने सभी से समारोह में सहभागी बनकर सम्मानित होने वाली प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करने का आग्रह किया है।