मासूमों के चेहरे पर बिखरी मुस्कान: नव युवा माँ दुर्गा उत्सव समिति ने दोगुनी की बच्चों के त्योहार की खुशियाँ
कोरबा /दर्री /सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है” के मूल मंत्र को चरितार्थ करते हुए क्षेत्र की प्रतिष्ठित संस्था श्री श्री नव युवा माँ दुर्गा उत्सव समिति, अयोध्यापुरी द्वारा एक बेहद सराहनीय सेवा कार्य का आयोजन किया गया। त्योहारों के इस पावन अवसर पर समिति के युवाओं ने मिलकर सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश की और क्षेत्र के जरूरतमंद एवं गरीब परिवारों के बच्चों के बीच जाकर नए वस्त्र तथा पटाखों का वितरण किया।

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था के सभी सदस्यों के आपसी सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता से यह छोटा-सा प्रयास किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि समाज का कोई भी तबका त्योहार की खुशियों से वंचित न रहे। इन जरूरतमंद बच्चों के चेहरों पर भी मुस्कान लाई जा सके और उनके त्योहार की खुशियाँ दोगुनी हो सकें, इसी सोच के साथ यह आयोजन किया गया था।
नए वस्त्र और पटाखे पाकर नन्हे-मुन्ने बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम के अंत में समिति के सदस्यों ने सभी के कल्याण की कामना करते हुए कहा कि माँ दुर्गा की कृपा हमेशा समस्त क्षेत्रवासियों पर बनी रहे। युवाओं के इस पुनीत और सेवाभावी कार्य की स्थानीय नागरिकों और प्रबुद्ध जनों ने भूरी-भूरी प्रशंसा की है।







