बिलासपुर/रतनपुर। पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को रतनपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के घर पर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया और न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, महामाया चौक रतनपुर निवासी ईशांत सारथी ने 30 मई 2025 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया था कि वह अपने साथी संतोष और करन सारथी के साथ महामाया चौक के पास बैठकर मोबाइल देख रहा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते महामाया चौक निवासी संकल्प दुबे उर्फ संकू हाथ में बेसबॉल स्टिक, विकल्प दुबे उर्फ निक्कू धारदार गंडासा और जतिन गोंड बांस का मोटा डंडा लेकर वहां पहुंचे।
आरोपियों ने गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हत्या की नीयत से करन सारथी पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं बेहोश हो गया। जब प्रार्थी, उसके साथियों और परिवार के अन्य सदस्यों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रतनपुर थाना प्रभारी ने उच्च अधिकारियों के दिशा-निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की थी। इस मामले में पूर्व में सह-आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका था, जबकि मुख्य आरोपियों में शामिल विकल्प दुबे उर्फ निक्कू (26 वर्ष, निवासी महामाया चौक, रतनपुर) फरार चल रहा था।
अपुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी विकल्प दुबे अपने घर आया हुआ है। सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस की टीम ने तत्काल उसके घर पर दबिश दी और घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।







