कोरबा । महिला संबंधी अपराधों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उरगा पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने शिकायत दर्ज होने के महज 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पहला मामला: फोटो वायरल करने और जान से मारने की दी थी धमकी
पहले प्रकरण में पीड़िता ने उरगा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम पताढ़ी निवासी (हाल मुकाम श्रवण मोहल्ला, हरदीबाजार) 19 वर्षीय तुषार अनंत उर्फ पिंटू ने पहले जान-पहचान बढ़ाई और फिर शादी का झांसा देकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इतना ही नहीं, आरोपी ने घटना के बारे में किसी को बताने पर फोटो वायरल करने और जान से मारने की धमकी भी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध क्रमांक 629/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64, 351(3) और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की धारा 4 व 6 के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस टीम ने त्वरित पतासाजी करते हुए 15 नवंबर को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
दूसरा मामला: दो साल तक संबंध बनाने के बाद जाति का हवाला देकर मुकरा
दूसरे प्रकरण में पीड़िता ने लिखित शिकायत में बताया कि उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम जुनवानी निवासी 21 वर्षीय कृष्ण कुमार कंवर पिछले करीब दो वर्षों से शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण कर रहा था। जब पीड़िता ने शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी ने अलग जाति होने और परिजनों की असहमति का हवाला देकर शादी करने से साफ इंकार कर दिया। इस शिकायत पर उरगा पुलिस ने अपराध क्रमांक 632/2026 के तहत बीएनएस की धारा 69 का अपराध पंजीबद्ध किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए रिपोर्ट दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर 16 नवंबर को आरोपी कृष्ण कुमार कंवर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
महिला अपराधों पर पुलिस सख्त
कोरबा पुलिस के अनुसार, महिला संबंधी अपराधों को अत्यंत गंभीरता से लिया जा रहा है। पीड़िताओं की शिकायत पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी पुलिस की प्राथमिकता है। दोनों ही मामलों को सुलझाने और आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाने में थाना उरगा पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही।










