मुख्य अतिथि सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत ने परिषद के सर्वसुविधायुक्त सभागार हेतु ₹10 लाख देने की घोषणा की।
कोरबा, दिनांक 15 नवंबर 2026।छत्तीसगढ़ आदिवासी विकास परिषद, जिला शाखा कोरबा के तत्वावधान में आज दिनांक 15 नवंबर 2026 को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती एवं परिषद कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता परिषद के प्रदेश अध्यक्ष माननीय श्री के. आर. शाह जी ने की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत, सांसद, कोरबा उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में माननीय श्री जयसिंह अग्रवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री छत्तीसगढ़ शासन, माननीय श्री नूतन सिंह ठाकुर, सभापति नगर पालिक निगम कोरबा, श्री सेवकराम मरावी, अध्यक्ष आदिवासी सांस्कृतिक सेवा केंद्र कोरबा, श्री रघुवीर सिंह मरकाम, संरक्षक आदिवासी सांस्कृतिक सेवा केंद्र कोरबा तथा श्री जयसिंह राज, पूर्व महासचिव छत्तीसगढ़ आदिवासी विकास परिषद शामिल रहे। सहायक अतिथि के रूप में डॉ. एम. कुजूर, संचालक, श्वेता नर्सिंग होम कोरबा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, आदिवासी समाज के प्रमुखजन, विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ आदिवासी विकास परिषद के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, छात्र-छात्राएं तथा आम नागरिक उपस्थित रहे।

भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, विचारों एवं आदर्शों को आत्मसात करने का लिया संकल्प
कार्यक्रम में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी के संघर्षपूर्ण जीवन, जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए उनके ऐतिहासिक आंदोलन, आदिवासी समाज की अस्मिता, स्वाभिमान, संस्कृति एवं अधिकारों की रक्षा के लिए उनके योगदान पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला गया। उपस्थित जनसमुदाय ने भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों एवं विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा समाज के उत्थान एवं अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव संगठित होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक आदिवासी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। प्रदेश अध्यक्ष श्री के. आर. शाह जी द्वारा प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

परिषद कार्यकर्ताओं को दिया गया संगठनात्मक प्रशिक्षण
प्रशिक्षण शिविर में प्रदेश अध्यक्ष श्री के. आर. शाह जी ने परिषद के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, उद्देश्य, कार्यप्रणाली, सामाजिक दायित्व तथा संगठनात्मक मजबूती के संबंध में विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को परिषद के उद्देश्यों की पूर्ति, आदिवासी समाज के संवैधानिक एवं सामाजिक अधिकारों की रक्षा तथा समाज के सर्वांगीण विकास के लिए सक्रियता, एकजुटता एवं समर्पण के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
आदिम जाति कल्याण विभाग का नाम परिवर्तन किए जाने का सर्वसम्मति से विरोध
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आदिम जाति कल्याण विभाग (आदिम जाति विकास विभाग) का नाम परिवर्तित कर ‘जनजातीय कार्य विभाग’ किए जाने के निर्णय पर गहरा असंतोष व्यक्त करते हुए इसका पुरजोर विरोध किया गया।
परिषद ने स्पष्ट किया कि विभाग का पूर्व नाम आदिम जाति कल्याण विभाग (आदिम जाति विकास विभाग) आदिवासी समाज के ऐतिहासिक, सामाजिक एवं संवैधानिक संदर्भों से जुड़ा हुआ है। अतः विभाग का नाम यथावत रखा जाना चाहिए। इस संबंध में माननीय राज्यपाल, छत्तीसगढ़ के नाम ज्ञापन सौंपकर विभाग का पूर्व नाम पुनः यथावत रखने की मांग की गई तथा कार्यक्रम में इस आशय का प्रस्ताव भी पारित किया गया।
सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत ने सभागार निर्माण हेतु ₹10 लाख की घोषणा की

कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक पक्ष उस समय सामने आया, जब परिषद के प्रदेश अध्यक्ष माननीय श्री के. आर. शाह जी ने मुख्य अतिथि माननीय श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत जी के समक्ष छत्तीसगढ़ आदिवासी विकास परिषद, जिला शाखा कोरबा के लिए सर्वसुविधायुक्त सभागार हेतु आर्थिक सहयोग प्रदान करने की मांग रखी।
इस मांग पर मुख्य अतिथि श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत जी ने सहर्ष अपनी सहमति व्यक्त करते हुए परिषद के लिए ₹10,00,000 (दस लाख रुपये) की सहायता राशि देने की घोषणा की। उनकी इस घोषणा का उपस्थित जनसमुदाय ने करतल ध्वनि से स्वागत एवं अभिनंदन किया। परिषद ने इस महत्वपूर्ण सहयोग के लिए सांसद महोदया के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के माध्यम से आदिवासी समाज की एकता, संगठनात्मक मजबूती, सांस्कृतिक संरक्षण, संवैधानिक अधिकारों की रक्षा एवं सामाजिक विकास का संदेश दिया गया।
अंत में परिषद ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, समाज प्रमुखों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित जनसमुदाय के प्रति आभार व्यक्त किया।










