रतनपुर पुलिस की बड़ी सफलता: चंद घंटों में सुलझी 7 सबमर्सिबल पंप चोरी की गुत्थी

Ratanpur police's major success: Theft of 7 submersible pumps solved within hours

रतनपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, चंद घंटों में सुलझा मामला; 1.50 लाख का माल बरामद

 बिलासपुर (रतनपुर)। रतनपुर पुलिस ने चोरी के एक मामले को महज चंद घंटों के भीतर सुलझाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अमृत मिशन योजना के तहत गांवों में लगाए जाने वाले 07 नग सबमर्सिबल पंप चोरी करने के आरोप में उसी गोदाम के चौकीदार को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सभी पंप बरामद कर लिए गए हैं, जिनकी कुल कीमत 1 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।

क्या है पूरा मामला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कटगी (थाना कसडोल) निवासी प्रार्थी कृष्णपाल सिंह कोटा विकासखंड के गांवों में अमृत मिशन योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने का ठेका कार्य कर रहे हैं। निर्माण सामग्री जैसे पाइप, पंप, जी.आई. स्ट्रक्चर और पैनल आदि रखने के लिए उन्होंने ग्राम तिलकडीह में एक मकान किराये पर लिया था। इस सामान की देखरेख के लिए भेंड़ीमुड़ा (रतनपुर) निवासी पुष्पेन्द्र सिंह को चौकीदार के रूप में रखा गया था।

बीते 25 अक्टूबर को जब प्रार्थी सामान का जायजा लेने ग्राम तिलकडीह पहुंचे, तो स्टोर रूम से 1.5 एच.पी. के 07 नग सबमर्सिबल पंप गायब मिले। चौकीदार से पूछताछ करने पर उसने पंपों के बारे में कोई जानकारी नहीं होने की बात कही। इसके बाद 12 नवंबर को प्रार्थी ने थाना रतनपुर में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

मुखबिर की सूचना पर कसा शिकंजा
मामले की गंभीरता को देखते हुए रतनपुर थाना प्रभारी ने अज्ञात आरोपी की तलाश के लिए तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया। जांच के दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि रखवाली करने वाले चौकीदार पुष्पेन्द्र सिंह ने ही पंप पार किए हैं। संदेह के आधार पर पुलिस ने आरोपी पुष्पेन्द्र सिंह (उम्र 28 वर्ष, पिता स्व. विजय सिंह राजपूत, निवासी भेंड़ीमुड़ा, रतनपुर) को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की।

पैसों की तंगी के कारण की थी चोरी
पुलिस की सख्ती के आगे आरोपी टूट गया और उसने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसे पैसों की सख्त जरूरत थी और ठेकेदार द्वारा समय पर पैसा नहीं दिए जाने से नाराज होकर उसने स्टोर रूम से 7 पंप चोरी कर छिपा दिए थे। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया है और उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

इनका रहा विशेष योगदान
चोरी का खुलासा करने वाली इस टीम में रतनपुर थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्रशिक्षु प्रतिभा पटेल, प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह, विकास सेंगर, आरक्षक आकाश डोंगरे, धीरज कश्यप और देवानंद चन्द्राकर की सराहनीय भूमिका रही।