सीएसईबी कर्मी की ग्रेच्युटी और बोनस की राशि का गबन करने वाला लाइन परिचालक गिरफ्तार

Line operator arrested for embezzling CSEB employee's gratuity and bonus amount

  • आरोपी की पहचान: हरीश कुमार साहू (35), निवासी सीएसईबी कॉलोनी, कोरबा।
  • गबन का तरीका: विभागीय पद का दुरुपयोग कर ऑनलाइन (RTGS) खाते में डाली रकम।
  • कानूनी कार्रवाई: बीएनएस की धारा 316(5), 336, 340 और 238 के तहत अपराध दर्ज।

कोरबा । छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसईबी) के एक कर्मचारी की ग्रेच्युटी, दीपावली बोनस और अनुग्रह राशि का गबन करने वाले आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पद पर रहते हुए ₹56,065 की विभागीय राशि आरटीजीएस (RTGS) के माध्यम से अपने निजी बैंक खाते में ट्रांसफर कर ली थी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, तुलसीनगर स्थित कार्यपालन अभियंता कार्यालय के प्रार्थी शत्रुहन कुमार सोनी ने इस संबंध में कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 177/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(5), 336, 340 और 238 के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।

पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने संदेही हरीश कुमार साहू (35 वर्ष), निवासी एसई/522 सीएसईबी कॉलोनी, कोरबा पूर्व (थाना सिविल लाइन रामपुर) को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि तुलसीनगर स्थित संभागीय कार्यालय में लाइन परिचालक के पद पर कार्यरत रहते हुए उसने कर्मचारी के हक की राशि अपने खाते में ट्रांसफर कर ली थी। जुर्म स्वीकार करने के बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।