जंगल-पहाड़ के गांवों तक पहुंची शिक्षा की नई रोशनी

The new light of education reached the forest-mountain villages

युक्तियुक्तकरण से दूरस्थ विद्यालयों में नियमित शिक्षक, आदिवासी विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का अवसर

कोरबा 13 नवंबर 2026/ जनजातीय गौरव दिवस हमें आदिवासी समाज की समृद्ध परंपरा, साहस और ज्ञान-संस्कृति का स्मरण कराता है। यह दिन उस संकल्प को भी दोहराने का अवसर है कि विकास की हर धारा दूरस्थ वनांचलों और जनजातीय बस्तियों तक पहुंचे। शिक्षा इस दिशा में सबसे मजबूत आधार हैकृक्योंकि विद्यालय में नियमित पढ़ाई, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मिलने से बच्चों के लिए अपने सपनों को साकार करने के रास्ते खुलते हैं।


कोरबा छत्तीसगढ़ का आदिवासी बहुल और अनुसूचित जिला है। यहां के स्कूलों में पढ़ने वाले लगभग 73 से 75 प्रतिशत विद्यार्थी अनुसूचित जनजाति परिवारों से आते हैं। इनमें बड़ी संख्या उन बच्चों की है, जो जंगलों और दूरस्थ गांवों में रहते हैं। जिले में 1,739 प्राथमिक और माध्यमिक के साथ हाई स्कूल और हायर सेकंडरी विद्यालय भी संचालित हैं। ऐसे में प्रत्येक स्कूल में नियमित कक्षाएं और पर्याप्त शिक्षक होना बच्चों के भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।


मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में लागू शिक्षक युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया के बाद कोरबा जिले में भी वर्षों से शिक्षकविहीन या शिक्षकों की कमी से जूझ रहे विद्यालयों में शिक्षकों की पदस्थापना की गई। अतिशेष शिक्षकों को जरूरत वाले स्कूलों में भेजने से दूरस्थ अंचलों के विद्यार्थियों को नियमित शिक्षक मिलने लगे हैं। पिछले दो वर्षों में इस व्यवस्था के तहत जिन विद्यालयों में शिक्षक पदस्थ हुए हैं, वहां नियमित कक्षाएं लग रही हैं और पढ़ाई का माहौल बेहतर हुआ है। जिले में लगभग 500 शिक्षकों को शिक्षकविहीन, एकल शिक्षकीय और द्विशिक्षकीय विद्यालयों में पदस्थ किया गया है।

पंडोपारा में बच्चों को मिले नए गुरुजी

शहर से करीब सौ किलोमीटर दूर घने जंगलों के बीच बसे पंडोपारा में पंडो जनजाति के बच्चे पहले नियमित रूप से स्कूल तो जाते थे, लेकिन एकमात्र शिक्षक होने से सभी कक्षाओं पर पर्याप्त ध्यान देना कठिन होता था। अब विद्यालय में दो शिक्षक होने से बच्चों को पढ़ाई का बेहतर अवसर मिल रहा है।
गांव के मंगल सिंह पंडो बताते हैं कि दो शिक्षक होने से अब किसी बच्चे को खाली नहीं बैठना पड़ेगा और सभी कक्षाओं की पढ़ाई हो सकेगी। कक्षा चौथी के जगदेश्वर पंडो, तीसरी के राजेन्द्र और दूसरी के मुकेश को भी खुशी है कि उनके विद्यालय में नए गुरुजी पढ़ाने आ रहे हैं। गांव के बच्चों के लिए यह बदलाव स्कूल में नियमित पढ़ाई के साथ अपने भविष्य के सपनों को आगे बढ़ाने का अवसर है।

सांचरबहार में नियमित शिक्षक से जगी उम्मीद

कोरबा विकासखंड का सुदूरवर्ती ग्राम सांचरबहार, ग्राम पंचायत नकिया का आश्रित गांव है। यहां लंबे समय तक विद्यालय में नियमित शिक्षक नहीं होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती रही। पहले आसपास के विद्यालयों से शिक्षक भेजकर काम चलाया जाता था। युक्तियुक्तकरण के बाद यहां सहायक शिक्षक श्री शेखरजीत टंडन की पदस्थापना हुई है। विद्यालय में 11 बच्चे दर्ज हैं।
गांव की मैसो बाई कहती हैं कि अब उनके नाती-नातिन रिया और आशीष नियमित शिक्षक की देखरेख में पढ़ पाएंगे। राजकुमारी बाई के बेटे प्रमेन्द्र के लिए भी स्कूल में नियमित शिक्षक की उपलब्धता राहत लेकर आई है। श्री टंडन के लिए भी सांचरबहार के बच्चों को पढ़ाना उनके भविष्य निर्माण में योगदान देने का अवसर है।

वनांचल के विद्यालयों में विषय विशेषज्ञ शिक्षक

करतला विकासखंड के वनांचल गांव तिलईडबरा के शासकीय प्राथमिक विद्यालय में युक्तियुक्तकरण के तहत शिक्षिका श्रीमती संगीता कंवर की पदस्थापना हुई है। उनके आने से विद्यालय में नियमित कक्षाएं शुरू हुई हैं। पढ़ाई के साथ बच्चों को नैतिक मूल्यों की सीख भी मिल रही है और उनकी पढ़ाई में रुचि बढ़ी है।
पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के मांचाडोली स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में जीवविज्ञान की शिक्षिका श्रीमती राजमणि टोप्पो की पदस्थापना से विद्यार्थियों को विषय की बेहतर समझ मिल रही है। कक्षा 12वीं के छात्र दीक्षांत दास मानिकपुरी बताते हैं कि पहले कोशिका, डीएनए, आरएनए और हार्माेन जैसे विषयों को समझने में कठिनाई होती थी। अब शरीर की बनावट और उसके अंगों के कार्यों के साथ पादप, जंतु और सूक्ष्मजीवों की संरचना को समझना आसान हुआ है। विषय विशेषज्ञ शिक्षिका के मार्गदर्शन से विद्यार्थियों में डॉक्टर और वैज्ञानिक बनने की प्रेरणा भी बढ़ी है।
ग्राम पचरा के हाई स्कूल में भी अंग्रेजी विषय के शिक्षक की कमी दूर हुई है। छात्राएं विद्या, मानमती और सुहानी यादव बताती हैं कि आसपास के कई गांवों से विद्यार्थी यहां पढ़ने आते हैं। अंग्रेजी के शिक्षक मिलने से अब विषय को समझने में मदद मिल रही है और स्कूल आने का उत्साह बढ़ा है। युक्तियुक्तकरण के तहत यहां श्री गोपाल प्रसाद भारद्वाज पदस्थ हुए हैं। इसी तरह चचिया के हायर सेकंडरी स्कूल में गणित और केरवाद्वारी में भौतिकी विषय के शिक्षक की पदस्थापना से विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण विषयों की नियमित पढ़ाई का लाभ मिल रहा है।

शिक्षक के साथ सुविधाओं पर भी ध्यान

जिले में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता के साथ अन्य जरूरी सुविधाओं पर भी काम किया जा रहा है। जिला खनिज संस्थान न्यास मद से मानदेय पर प्राथमिक ,माध्यमिक और हायर सेकंडरी विद्यालयों में लगभग 500 शिक्षकों की नियुक्ति की गई है। विद्यालयों में भृत्य के रिक्त पदों पर लगभग 300 युवाओं को मानदेय पर रोजगार दिया गया है। विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों के योग्य युवाओं को शिक्षक और चतुर्थ श्रेणी के पदों पर अवसर देने की पहल भी की गई है।
जर्जर विद्यालयों की मरम्मत, नए स्कूल भवन, किचन शेड, शौचालय, बाउंड्रीवाल और साइकिल स्टैंड जैसी सुविधाओं के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। विद्यार्थियों के लिए नाश्ते की व्यवस्था और प्रतिभावान बच्चों को नीट, जेईई सहित प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग मिलने से शिक्षा के प्रति उनका उत्साह और बढ़ रहा है।
युक्तियुक्तकरण का प्रभाव केवल शिक्षकों की संख्या तक सीमित नहीं है। नियमित शिक्षक के आने से बच्चों को रोज पढ़ने, सवाल पूछने और विषयों को समझने का अवसर मिल रहा है। अभिभावकों में भरोसा बढ़ा है और गांवों में स्कूल को लेकर नई उम्मीद जगी है। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर दूरस्थ अंचलों के इन विद्यालयों में दिखाई दे रहा बदलाव इस बात का प्रमाण है कि जब शिक्षा गांव तक नियमित रूप से पहुंचती है, तो आदिवासी बच्चों को अपनी प्रतिभा पहचानने और अपने सपनों की ओर बढ़ने का मजबूत आधार मिलता है।