रामपुर विधानसभा में भाजपा का बौद्धिक संवाद कार्यक्रम संपन्न

BJP's intellectual dialogue program concluded in Rampur Assembly

मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण एवं समसामयिक विषयों पर वरिष्ठ और प्रबुद्ध नागरिकों के साथ हुआ बौद्धिक संवाद

कोरबा। भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा द्वारा आयोजित राष्ट्रीय चिंतन संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत रामपुर विधानसभा क्षेत्र में बौद्धिक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के वरिष्ठ एवं प्रबुद्ध नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति में मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) सहित विभिन्न समसामयिक विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती, राष्ट्र निर्माण, सुशासन और वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर सार्थक संवाद हुआ।

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष श्री गोपाल मोदी जी, पूर्व गृहमंत्री श्री ननकीराम कंवर जी ने अपने विचार व्यक्त किए।

गोपाल मोदी ने SIR को लोकतंत्र का एक मजबूत आधार बताया

जिला अध्यक्ष श्री गोपाल मोदी जी ने अपने संबोधन में कहा कि मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) लोकतांत्रिक व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष एवं सुदृढ़ बनाने की एक महत्वपूर्ण संवैधानिक प्रक्रिया है। इसका मूल उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो तथा मृत एवं अपात्र व्यक्तियों के नाम सूची में अनावश्यक रूप से दर्ज न रहें। उन्होंने कहा कि शुद्ध, पारदर्शी और विश्वसनीय मतदाता सूची ही मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला है। इस प्रक्रिया को सफल बनाने में प्रत्येक नागरिक की जागरूकता और सहभागिता आवश्यक है।

श्री मोदी जी ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में निरंतर नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। देश विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने आगामी दीपावली पर्व का उल्लेख करते हुए सभी नागरिकों से स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता देने की अपील की। श्री मोदी जी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के ‘लोकल के लिए वोकल’ मंत्र को केवल नारे तक सीमित न रखकर अपने दैनिक जीवन में अपनाने की आवश्यकता है। स्थानीय कारीगरों, छोटे व्यापारियों, कुटीर उद्योगों और स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहन देकर हम स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत कर सकते हैं। स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी केवल आर्थिक गतिविधि नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत और राष्ट्र निर्माण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने प्रबुद्धजनों से आह्वान किया कि वे राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, सामाजिक समरसता और राष्ट्रहित के प्रति जनजागरण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए श्री गोपाल मोदी जी ने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश विकास और सुशासन के नए आयाम स्थापित कर रहा है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस अपनी राजनीतिक हताशा और कुंठा के चलते महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को लेकर जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि देश की जागरूक जनता विकास, सुशासन, राष्ट्रहित और मजबूत लोकतंत्र के साथ खड़ी है।

पूर्व गृहमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता श्री ननकीराम कंवर जी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ देश के करोड़ों नागरिकों तक पहुंच रहा है। जनता का विश्वास लगातार भाजपा के प्रति मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक जमीन खिसकती देख हताशा में एसआईआर जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया को लेकर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है। लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्धिकरण आवश्यक है और इस प्रक्रिया में सभी को सहयोग करना चाहिए।

कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ एवं प्रबुद्ध नागरिकों ने भी विभिन्न समसामयिक विषयों पर अपने विचार एवं महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए। संवाद के माध्यम से लोकतांत्रिक जागरूकता, राष्ट्रहित और सामाजिक दायित्वों के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र पांडेय, जिला उपाध्यक्ष श्रीमती रेणुका राठिया, श्रीमती प्रीति स्वर्णकार, फूलसिंह कंवर, शैलेन्द्र यादव, श्री संजय राठौर, प्रदीप सिंह, मंडल अध्यक्ष किशन साव, ओमप्रकाश अग्रवाल, रामकुमार, नरेंद्र बिंझवार, वरिष्ठ गढ़मन नागरिक राम मनोहर सोनी, मोहब्बत राम कुर्रे, विदुर लाल कौशिक, रामेश्वर प्रसाद कौशिक, नवधा राम खैरवार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और वरिष्ठ एवं प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।