बिलासपुर, 29 अक्टूबर। तोरवा पुलिस ने लालखदान क्षेत्र में धारदार चाकू लहराकर दहशत फैलाने और राहगीरों को डराने-धमकाने वाले एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लोहे का घातक चाकू जब्त कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार 28 अक्टूबर को तोरवा पुलिस की टीम क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पेट्रोलिंग पर निकली थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चौकसे कॉलेज मोड़, लालखदान के पास एक युवक हाथ में धारदार चाकू लेकर आने-जाने वाले राहगीरों को रोक रहा है और उन्हें चाकू दिखाकर डरा-धमका रहा है, जिससे इलाके में अशांति और भय का माहौल बना हुआ है।
सूचना मिलते ही तोरवा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए त्वरित मौके पर दबिश दी। पुलिस टीम को देखकर भागने की कोशिश कर रहे संदेही को घेराबंदी कर धर-दबोचा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक नग लोहे का धारदार चाकू बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रकाश पासी (24 वर्ष), पिता भाउ पासी, निवासी लालखदान (तोरवा) बताया।
पुलिस ने आरोपी प्रकाश पासी के कृत्य को गंभीर मानते हुए उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 575/2026 और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत मामला दर्ज किया। वैध दस्तावेज न होने और लोक शांति भंग करने के आरोप में आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है। इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय नागरिकों ने राहत की सांस ली है।







