दर्री-जमनीपाली के युवाओं ने CSPGCL के ED को सौंपा ज्ञापन, आंदोलन की चेतावनी

Youth of Darri-Jamnipali submitted memorandum to ED of CSPGCL, warned of agitation

टाउनशिप में बढ़ती चोरियों और प्रदूषण को लेकर फूटा आक्रोश

ज्वलंत मुद्दे: नवागांव और मड़वामहुआ बस्ती के पास उड़ती राखड़ से लोग परेशान, सुरक्षा दीवार बनाने की मांग।

  • रोजगार का हक: निर्माण कार्यों में स्थानीय शिक्षित युवाओं को प्राथमिकता देने पर अड़े युवा।
  • पारदर्शिता: सीएसआर (CSR) फंड का उपयोग स्वास्थ्य, पेयजल और सामुदायिक विकास कार्यों में करने पर जोर।

कोरबा, 29 अक्टूबर। दर्री-जमनीपाली क्षेत्र के युवाओं ने छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड (CSPGCL) के एचटीपीएस कोरबा पश्चिम के कार्यपालक निदेशक (ED) को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की गंभीर जनसमस्याओं और फ्लाई ऐश (राखड़) से होने वाले प्रदूषण के तत्काल निराकरण की मांग की है। युवाओं ने चेतावनी दी है कि यदि इन समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो वे जनहित में चरणबद्ध और लोकतांत्रिक आंदोलन शुरू करेंगे।

ज्ञापन में युवाओं ने एचटीपीएस प्लांट एवं टाउनशिप परिसर में लगातार हो रही चोरियों पर चिंता व्यक्त करते हुए सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की। इसके साथ ही, गर्मी के मौसम में राखड़ उड़ने से होने वाले भारी वायु प्रदूषण और इससे आसपास के जलस्रोतों व कृषि भूमि पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। युवाओं ने मांग की है कि ग्राम नवागांव एवं मड़वामहुआ बस्ती के निकट स्थित राखड़ डंपिंग स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की जाए, रिटेनिंग वॉल (तटबंध) का निर्माण हो और पानी की निकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

आवासीय क्षेत्र से दूर हो राखड़ डंप
प्रतिनिधिमंडल ने टाउनशिप के मध्य स्थित राखड़ डंप को तत्काल हटाने अथवा उसे आवासीय क्षेत्र से सुरक्षित दूरी पर व्यवस्थित करने की मांग रखी। इसके अतिरिक्त राखड़ बांध के आसपास बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण कराने, पुराने आवासीय क्वार्टरों के ध्वस्तीकरण से संबंधित मामलों की निष्पक्ष जांच करने और स्थानीय स्तर पर होने वाले निर्माण कार्यों में क्षेत्र के युवाओं को नियमानुसार रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की मांग की गई है।

पारदर्शी तरीके से खर्च हो CSR निधि
युवाओं ने दोटूक कहा कि CSPGCL की सीएसआर निधि का उपयोग स्थानीय निवासियों के स्वास्थ्य, स्वच्छता, पेयजल और पर्यावरण संरक्षण के लिए पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाना चाहिए। ज्ञापन सौंपने के दौरान मुख्य रूप से दिव्यांश अग्निहोत्री, योगेश जायसवाल, पुष्पेंद्र भारिया, किशोर साहू, विजय साहिस, भुवनेश्वर दुबे, नीरज यादव, मोनेश टंडन समेत बड़ी संख्या में स्थानीय युवा उपस्थित थे।