कोरबा बांकीमोंगरा,/एसईसीएल (SECL) की घुड़देवा खदान 3/4 और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार चोरी, डकैती व लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले मुख्य मास्टरमाइंड धरम सिंह राजपूत को बांकीमोंगरा थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। क्षेत्र में सक्रिय कबाड़ चोरों और लुटेरों के सिंडिकेट के खिलाफ पुलिस इसे एक बड़ी कामयाबी मान रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, घुड़देवा खदान में हुई कॉपर केबल चोरी और सुरक्षाकर्मियों से लूट के मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 179/2026 के तहत पहले ही बड़ी कार्रवाई की थी। इस प्रकरण में शामिल 03 बालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर पहले ही जेल भेजा जा चुका है, जबकि वारदात में शामिल 07 विधि से संघर्षरत बालकों (नाबालिगों) को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा जा चुका है। इन आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ और जांच के दौरान पुलिस को इस पूरे गैंग के मुख्य सरगना और मास्टरमाइंड धरम सिंह राजपूत की संलिप्तता का पता चला था।
हथियार और मोबाइल जब्त
पुलिस टीम लगातार फरार मास्टरमाइंड धरम सिंह राजपूत की तलाश में जुटी हुई थी। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात के दौरान केबल तार काटने में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार और घटना के समय प्रयुक्त मोबाइल फोन को सफलतापूर्वक जब्त कर लिया है।
कटघोरा उप जेल भेजा गया आरोपी
बांकीमोंगरा पुलिस ने मुख्य आरोपी धरम सिंह राजपूत के खिलाफ डकैती और अन्य संबंधित धाराओं के तहत कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक रिमांड पर उप जेल कटघोरा भेज दिया गया है। पुलिस की इस मुस्तैदी से खदान क्षेत्रों में आपराधिक तत्वों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।







