38 वर्षों की अनुशासित सेवा के बाद नगर सैनिक व्यासनारायण जायसवाल को बिलासपुर रेंज कार्यालय में दी गई भावभीनी विदाई

After 38 years of disciplined service, Nagar Sainik Vyasnarayan Jaiswal was given a warm farewell at Bilaspur Range Office.

बिलासपुर, 31 अगस्त 2026। पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय बिलासपुर रेंज में अपनी दीर्घकालिक, निष्ठावान व समर्पित सेवा पूर्ण कर सेवानिवृत्त हो रहे नगर सैनिक क्र० 245  व्यासनारायण जायसवाल के सम्मान में सोमवार को एक गरिमामय एवं आत्मीय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। यह विशेष कार्यक्रम बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) श्री राम गोपाल गर्ग (IPS) के गरिमामय सानिध्य में संपन्न हुआ, जिसमें रेंज कार्यालय के समस्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल एवं सुचारू संचालन श्री शंकर कश्यप द्वारा किया गया।

1987 से शुरू हुआ अनुकरणीय सेवा सफर
नगर सैनिक श्री व्यासनारायण जायसवाल ने वर्ष 1987-88 में पुलिस विभाग/नगर सेना में अपनी सेवा प्रारंभ की थी। अपने 38 वर्षों के लंबे सेवाकाल में उन्होंने होमगार्ड लाईन सहित थाना तोरवा, बांगो, पामगढ़, उरगा, पाली एवं अन्य महत्वपूर्ण थानों में निष्ठापूर्वक सेवाएं प्रदान कीं। इसके बाद वर्ष 2002 से वे निरंतर (विगत 24 वर्षों से) पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय बिलासपुर में कार्यरत रहे और अपने पदीय दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन कर एक अनुशासित सैनिक के रूप में विशिष्ट पहचान बनाई।

आपदा प्रबंधन और चुनाव में निभाई उत्कृष्ट भूमिका
श्री जायसवाल का सेवा सफर सराहनीय उपलब्धियों से भरा रहा। उन्होंने ओडिशा (भुवनेश्वर) में आए विनाशकारी चक्रवात एवं भीषण बाढ़ आपदा के दौरान बचाव दल (Rescue Team) के सदस्य के रूप में अत्यंत साहसिक व सराहनीय कार्य किया था। इसके अलावा मध्य प्रदेश के गुना जिले में चुनावी व्यवस्था एवं सुरक्षा दल में भी उन्होंने उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान की थीं।

आईजी श्री गर्ग ने की भूरी-भूरी प्रशंसा
आईजी श्री राम गोपाल गर्ग ने अपने संबोधन में श्री जायसवाल के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि वर्ष 2002 से निरंतर बिलासपुर रेंज कार्यालय में पदस्थ रहकर उन्होंने अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ किया है। आईजी श्री गर्ग ने उन्हें परंपरा अनुसार शॉल, श्रीफल, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके सुखद, स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की।

भावुक क्षणों के बीच सुसज्जित वाहन से विदाई
इस गरिमामय आयोजन और मिले सम्मान से नगर सैनिक श्री व्यासनारायण जायसवाल अत्यंत भावुक नज़र आए। उन्होंने इस भव्य विदाई के लिए पुलिस महानिरीक्षक एवं समस्त सहकर्मियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। समारोह के उपरांत आईजी श्री राम गोपाल गर्ग ने उन्हें फूल-मालाओं से विशेष रूप से सुसज्जित किए गए शासकीय वाहन में बैठाकर ससम्मान उनके गृह निवास के लिए रवाना किया। रेंज कार्यालय के समस्त स्टाफ ने नम आंखों से अपने साथी को भावभीनी विदाई दी।