बैकुंठपुर के कोविड अस्पताल के ऑक्सीजन प्लांट से करीब 80 हजार रुपए के कॉपर वायर चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। जांच में चोरी का तार खरीदने वालों तक पहुंची पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर 20 किलो कॉपर वायर बरामद किया है।
जिले में बैकुंठपुर के कंचनपुर स्थित कोविड अस्पताल के ऑक्सीजन प्लांट से करीब 80 हजार रुपए कीमत के कॉपर वायर चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। थाना बैकुंठपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए कॉपर वायर में से 20 किलो तार बरामद किया गया है। पुलिस अब शेष चोरी के माल की बरामदगी और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार 8 जनवरी की दरम्यानी रात अज्ञात चोर कंचनपुर स्थित कोविड अस्पताल के ऑक्सीजन प्लांट में लगे कॉपर वायर चोरी कर ले गए थे। चोरी किए गए तार की अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपए बताई गई है। शिकायत मिलने पर बैकुंठपुर थाने में अपराध क्रमांक 08/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर संदिग्धों की तलाश शुरू की। सूचना के आधार पर चरचा निवासी अर्जुन बसोर, विजय बसोर और संतोष कुमार चौधरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में तीनों ने चोरी की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि चोरी किए गए कॉपर वायर में से 70 किलो तार दीपेश उर्फ निखिल महाराज को बेचा गया था
इसके बाद पुलिस ने दीपेश उर्फ निखिल महाराज को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने बताया कि उसने 65 किलो कॉपर वायर बैकुंठपुर निवासी आर्यन ताम्रकार को बेच दिया था। पुलिस ने दीपेश के कब्जे से 5 किलो और आर्यन ताम्रकार के कब्जे से 15 किलो कॉपर वायर बरामद किया। इस तरह पुलिस ने कुल 20 किलो चोरी का तार बरामद कर लिया गया है।
पुलिस ने मामले में अर्जुन बसोर, विजय बसोर, संतोष कुमार चौधरी, दीपेश उर्फ निखिल महाराज और आर्यन ताम्रकार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस अब चोरी के शेष माल की बरामदगी के साथ यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस वारदात में और कितने लोग शामिल थे। मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।







