जांजगीर-चांपा, 21 जुलाई 2026। जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में घर में आग लगाकर नुकसान पहुंचाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 326 (जी) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, अंधियारीपाठ निवासी रूपेश कुमार सारथी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 11 जुलाई 2026 की रात करीब 11:45 बजे वह अपने भतीजे ईशान के साथ घर में सो रहा था। इसी दौरान घर की छत में आग लग गई। शोर सुनकर बाहर निकलने पर उसने पड़ोस में रहने वाली अनिता यादव को हाथ में जलती हुई लकड़ी लिए देखा, जो उसे देखकर अपने घर की ओर चली गई।
रूपेश ने अपने भतीजे की मदद से आग पर काबू पाया, लेकिन आग लगने से घर में रखी कुर्सी, कपड़े, तिरपाल और लकड़ी सहित करीब 5 हजार रुपये का सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। बाद में उसने अपने मित्र के साथ आरोपी महिला से घटना के संबंध में पूछताछ की, जहां महिला ने कथित तौर पर धमकी भी दी। शिकायत के आधार पर अकलतरा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान गवाहों के बयान, मौका नक्शा और नुकसानी पंचनामा तैयार किया गया। जांच में महिला की संलिप्तता पाए जाने पर पुलिस ने उसके घर पर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया।
पूछताछ में अनिता यादव (47 वर्ष), पति सतीश यादव, निवासी अंधियारीपाठ, वार्ड क्रमांक-19, अकलतरा ने घटना को स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अंगीठी भी बरामद की गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी महिला को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा के नेतृत्व में अकलतरा पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







