घर में घुसकर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, स्कूटी और ताला तोड़ने की लोहे की रॉड बरामद

The accused of breaking into a house and stealing was arrested, scooter and iron rod used for breaking the lock were recovered.

जांजगीर-चांपा, 25 सितम्बर। अकलतरा थाना क्षेत्र के ग्राम रसेड़ा में घर का ताला तोड़कर चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी और ताला तोड़ने वाली लोहे की रॉड बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 331(4), 305(ए) और 3(5) के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम रसेड़ा निवासी संदीप साहू 24 सितंबर को मेन रोड स्थित अपने घर में ताला लगाकर काम से बाहर गए थे। रात में वापस लौटने पर उन्होंने घर के अंदर कुछ अज्ञात लोगों को देखा। परिवार के सदस्यों को देखकर आरोपी भागने लगे। इसी दौरान घरवालों ने एक आरोपी को पकड़ लिया और घटना की सूचना पुलिस को दी।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसकी पहचान मानसिंह उर्फ रामू सिंह (22), निवासी ग्राम कोसमनार, थाना कोतरारोड, जिला रायगढ़, हाल मुकाम बंधवा तालाब, तोरवा, जिला बिलासपुर के रूप में हुई। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपने एक अन्य साथी के साथ चोरी की नीयत से घर में प्रवेश किया था।

आरोपी के मुताबिक, दोनों ने घर के सामने लगे चैनल गेट का ताला लोहे की रॉड से तोड़ा और अंदर प्रवेश किया। इसके बाद अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे 3,000 रुपये नगद चोरी कर भागने का प्रयास किया। इसी दौरान घर के सदस्यों के पहुंचने पर एक आरोपी पकड़ लिया गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर चोरी में प्रयुक्त स्कूटी क्रमांक CG 04 CS 5816 और ताला तोड़ने में इस्तेमाल लोहे की रॉड बरामद कर जब्त कर ली। विवेचना के दौरान आरोपी के खिलाफ अपराध में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में निरीक्षक जय कुमार साहू, उप निरीक्षक विनोद जाटवर, प्रभारी पुलिस सहायता केंद्र कोटमी सोनार, प्रधान आरक्षक रेमन सिंह राजपूत, आरक्षक हेमंत साहू और धन्नू लहरे का सराहनीय योगदान रहा।