रायपुर 12 जुलाई 2026। राजधानी रायपुर में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और टिकरापारा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया गया है। पुलिस ने इस मामले में दो महिलाओं सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 46.100 किलोग्राम गांजा, दो मोबाइल फोन और एक सुजुकी एक्सेस स्कूटर बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, जब्त किए गए गांजा और अन्य सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 24 लाख रुपये है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह नेटवर्क ओडिशा से रायपुर तक सक्रिय था और गांजा की आपूर्ति संगठित तरीके से की जा रही थी।
पुलिस ने मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए बैकवर्ड लिंकेज पर कार्रवाई की। इसके तहत ओडिशा के कालाहांडी जिले से जुड़े दो कथित सप्लायरों को भी गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले के मुख्य आरोपी कमलेश सोनवानी और राजा टंडन पहले भी नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) अधिनियम से जुड़े मामलों में जेल जा चुके हैं। उनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
पूरे मामले में टिकरापारा थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और इस तस्करी नेटवर्क के अन्य संभावित सदस्यों तथा सप्लाई चेन की कड़ियों का पता लगाने के लिए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।







