कोरबा में ओवरब्रिज के नीचे मजदूर की हत्या

Laborer murdered under overbridge in Korba

कोरबा/ कोतवाली थाना क्षेत्र में एक खौफनाक हत्या की वारदात सामने आई है। शहर के ओवरब्रिज रेलवे क्रॉसिंग के नीचे एक हमाल की लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसने पूरे शहर को दहला दिया है।

जानकारी के अनुसार, राजेश महाराज नामक हमाल रोज की तरह ओवरब्रिज के नीचे चबूतरे पर सोया हुआ था। तभी उसका साथी, जो उसी के साथ खानाबदोश जिंदगी जीता था और नशेड़ी प्रवृत्ति का था, वहां पहुंचा। दोनों के बीच पहले भी विवाद और मारपीट हो चुकी थी। आसपास के लोगों ने इसे शांत कराया था। 

दोपहर में आरोपी ने मौका पाकर सोते हुए राजेश के सिर पर डंडे से 30 से 35 बार ताबड़तोड़ वार किए। सिर पर लगातार वार से राजेश की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी आराम से घटनास्थल से चला गया। कोतवाली टीआई एमबी पटेल पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। 

पुलिस ने शव का मर्ग पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्या का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस पर दबाव बढ़ गया है। इस खौफनाक वारदात ने पूरे शहर को दहला दिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

टीआई एमबी पटेल ने बताया कि मृतक और आरोपी दोनों हमाल का काम करते थे। दोनों ही नशे के आदी थे और उनके बीच आपसी विवाद था। इसी आपसी विवाद के चलते आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया है।

ओवरब्रिज के नीचे हमालों और खानाबदोशों का जमावड़ा लगा रहता है। नशे और आपसी रंजिश के कारण यहां अक्सर मारपीट की घटनाएं होती हैं। दिनदहाड़े हुई इस सरेआम हत्या से स्थानीय लोग दहशत में हैं। व्यापारियों और राहगीरों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए यह आवश्यक है।