मोटर सायकल हटाने की बात पर जानलेवा हमला करने वाले 02 आरोपी गिरफ्तार

Two accused arrested for carrying out a deadly attack over the issue of removing a motorcycle

बिलासपुर/  दिनांक 24.05.2026 की रात्रि लगभग 08:20 बजे प्रार्थी अयन पाटले मोहम्मद बाजार गया हुआ था। इसी दौरान मोटर सायकल हटाने की बात को लेकर कुछ युवकों द्वारा उससे विवाद किया गया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने प्रार्थी के सिर पर लोहे के चूड़े से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर से खून बहने लगा।

घटना की सूचना मिलने पर प्रार्थी का भाई अमन पाटले मौके पर पहुंचा, जिस पर आरोपियों द्वारा उसके साथ भी मारपीट करते हुए चाकू से हमला किया गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।

घटना की सूचना मिलते ही थाना तोरवा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची, किंतु आरोपी घटना के बाद अपने घर एवं क्षेत्र से फरार हो चुके थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर)  पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली गगन कुमार (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में आरोपियों की लगातार पतासाजी एवं दबिश कार्यवाही की जा रही थी।

जांच के दौरान जानकारी प्राप्त हुई कि आरोपी निर्मल पासी अपना मोबाइल बंद कर मध्यप्रदेश के महूरी क्षेत्र में छिपा हुआ है। पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए देर रात दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। वहीं दूसरे आरोपी शिवम पासी को उसके निवास स्थान से गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपी
1. शिवम पासी पिता राजू पासी, उम्र 25 वर्ष, निवासी लालखदान, थाना तोरवा, बिलासपुर।
2. निर्मल पासी पिता चैतराम पासी, उम्र 44 वर्ष, निवासी लालखदान ओव्हरब्रिज के पास, थाना तोरवा,बिलासपुर।

प्रकरण में अन्य फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है तथा उनकी गिरफ्तारी हेतु टीम द्वारा विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है।