बैकुंठपुर (कोरिया)। विद्यार्थियों के हितों की रक्षा और महाविद्यालय की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की बैकुंठपुर नगर इकाई के कार्यकर्ताओं ने शासकीय रामानुज प्रताप सिंह देव स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बैकुंठपुर के प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने विद्यार्थियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को महाविद्यालय प्रशासन के समक्ष रखते हुए उनके शीघ्र एवं उचित निराकरण की मांग की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना महाविद्यालय प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
ज्ञापन पर चर्चा के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य ने कार्यकर्ताओं की मांगों एवं समस्याओं पर सकारात्मक आश्वासन दिया। इससे विद्यार्थियों की समस्याओं के निराकरण की दिशा में सकारात्मक पहल की उम्मीद जगी है।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सदैव छात्रहित, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाती रही है। परिषद का उद्देश्य केवल समस्याओं को उठाना ही नहीं, बल्कि उनके समाधान के लिए सकारात्मक पहल करना भी है। इसी उद्देश्य के साथ कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय प्रशासन से विद्यार्थियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर आयुषी साहू (नगर मंत्री), आकांक्षा सिंह (नगर सह मंत्री), सिद्धार्थ साहू (नगर सह मंत्री), अलका सिंह, श्वेता गुप्ता, खुशी राजवाड़े, मनीषा साहू, आकाश एवं कार्तिक सहित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने विद्यार्थियों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए समस्याओं के समाधान के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई तथा महाविद्यालय प्रशासन से दिए गए आश्वासन के अनुरूप आवश्यक कदम उठाने की अपेक्षा की।







