शोरूम के सामने से एसी का आउटडोर उड़ाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, मुख्य चोर समेत दो खरीदार गिरफ्तार

Gang stealing outdoor ACs from showrooms busted, main thief and two buyers arrested

कोरबा। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चोरी और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हुंडई शोरूम के सामने से एयर कंडीशनर (एसी) का आउटडोर यूनिट चोरी करने वाले मुख्य आरोपी सहित चोरी का माल खरीदने वाले दो खरीदारों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का एसी आउटडोर, नगद रकम और एक मोबाइल फोन भी जप्त किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भदरापारा बाल्को नगर निवासी प्रार्थी प्रमोद कुमार यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 21 अक्टूबर 2026 को जब वे हुंडई शोरूम पहुंचे, तो सामने लगा एसी का आउटडोर यूनिट गायब था। प्रार्थी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 877/2026 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

तफ्तीश के दौरान पुलिस ने संदेही गुड्डू बरेठ (23 वर्ष, निवासी मोतीसागरपारा) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने शोरूम के बाहर से एसी का आउटडोर चोरी करना स्वीकार किया। उसने बताया कि चोरी करने के बाद उसने यह सामान कृष्णा बसोड़ (22 वर्ष, निवासी इमलीडुग्गू) को बेच दिया था। जब पुलिस ने कृष्णा बसोड़ को पकड़ा, तो उसने खुलासा किया कि उसने यह चोरी का माल आगे सैफ खान उर्फ सोनू खान (22 वर्ष, निवासी इमलीडुग्गू गौमाता चौक) को बेच दिया था।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2), 317(2) और 3(5) के तहत वैधानिक कार्यवाही करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

कोरबा पुलिस की अपील
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि यदि वे अपने आसपास किसी भी प्रकार की चोरी, नशाखोरी या संदिग्ध गतिविधि देखते हैं, तो तुरंत इसकी सूचना अपने नजदीकी थाने, पुलिस चौकी या डायल-112 पर दें। सूचना देने वाले नागरिक की पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी।