जांजगीर-चांपा,13 मई 2026। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के ग्राम भवंतरा में एक ही परिवार के चार लोगों की निर्मम हत्या से सनसनी फैल गई। नए मकान के निर्माण स्थल पर सो रहे परिवार के सदस्यों की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई।
चारों के शव खाट पर पड़े मिले
मिली जानकारी के अनुसार, सुबह काम पर पहुंचे मिस्त्रियों ने खाट पर चारों के शव पड़े देखे, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए मृतक के बेटे को ही आरोपी बताया है।
सोते समय किया धारदार हथियार से हमला
पुलिस के मुताबिक, इस हत्याकांड को मृतक मेदनी प्रसाद के पुत्र सोना साय कश्यप ने अपने बेटे गोलू के साथ मिलकर अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि, पैतृक संपत्ति को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में सोते समय धारदार हथियार से हमला कर चार लोगों की हत्या कर दी गई।
15 साल की सजा पहले ही काट चुका
आपको बता दें कि, आरोपी सोना साय का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसने पूर्व में अपने बड़े भाई की हत्या भी की थी, जिसमें वह करीब 15 साल की सजा काट चुका है। दो साल पहले जेल से रिहा होकर घर लौटा था, लेकिन पैतृक संपत्ति को लेकर पिता से विवाद लगातार जारी था।
मौके पर जांच के लिए पहुंची पुलिस
घटना के वक्त परिवार के सदस्य नए बन रहे मकान के अंदर सो रहे थे। सुबह काम पर पहुंचे मजदूरों ने खून से लथपथ शव देखे और तत्काल गांव के सरपंच राजाराम कश्यप को सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच तेज कर दी।
पुलिस की हिरासत में आरोपी
एएसपी उमेश कश्यप ने बताया कि, हत्या सोते समय धारदार हथियार से की गई है। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।









