12 घंटे में बिलासपुर पुलिस का बड़ा रेस्क्यू: मंगला पार्क से सुरक्षित मिलीं दो लापता सगी बहनें, रोती मां के चेहरे पर लौटी मुस्कान

Bilaspur Police pull off a major rescue in 12 hours: Two missing sisters found safe in Mangala Park, bringing a smile back to their weeping mother's face.

बिलासपुर (सकरी)। घर से बिना बताए निकली दो नाबालिग सगी बहनों को सकरी थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 12 घंटे के भीतर सकुशल बरामद (दस्तयाब) कर लिया है। बेटियों के लापता होने के बाद से रो-रोकर बेहाल मां की आंखों में अपनी बच्चियों को सुरक्षित देखकर खुशी के आंसू छलक पड़े। परिजनों ने मुस्तैदी दिखाने वाली पुलिस टीम का दिल से आभार जताया है।

मिली जानकारी के अनुसार, 22 अक्टूबर 2026 को सकरी थाना क्षेत्र से दो नाबालिग बच्चियां घर से बिना बताए कहीं चली गई थीं। देर शाम और रात तक जब वे वापस नहीं लौटीं, तो किसी अनहोनी या अज्ञात व्यक्ति द्वारा अपहरण किए जाने की आशंका से डरे परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल अपराध क्रमांक 987/2026, धारा 137(2) बी.एन.एस. (भारतीय न्याय संहिता) के तहत मामला दर्ज किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर उप महानिरीक्षक (DIG) एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) रजनेश सिंह ने तुरंत बच्चियों की खोजबीन के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में सकरी थाना प्रभारी संजय सिन्दे के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने परिजनों के सहयोग से संभावित ठिकानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया। तकनीकी इनपुट और स्थानीय संपर्कों की मदद से पुलिस ने दोनों बच्चियों को मंगला स्थित एक पार्क से सुरक्षित ढूंढ निकाला। पूछताछ में बच्चियों ने बताया कि वे घूमने के लिए निकली थीं, लेकिन बाद में रास्ता भटक गईं।

उचित वैधानिक प्रक्रिया और आवश्यक काउंसलिंग के बाद दोनों बेटियों को उनके माता-पिता को सौंप दिया गया है। इस सराहनीय और त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी संजय सिन्दे, उप निरीक्षक गणेशराम महिलांगे, प्र.उप निरीक्षक अर्चना साहू, सउनि सुरेन्द्र तिवारी, प्रधान आरक्षक बलराज सिंह, मालती तिवारी, आरक्षक मनोज बघेल और पवन बंजारे की मुख्य भूमिका रही।