बिलासपुर 14 मई 2026। करोड़ों रुपये की निवेश ठगी का मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने तोरवा निवासी अशोक कुमार गिडवानी, उसके बेटे मोहित गिडवानी और भावेश ट्रेडर्स के संचालक के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
आरोप है कि उन्होंने मनिहारी व्यवसाय में निवेश के नाम पर जमीन कारोबारी विजय कुमार गुप्ता और उनके परिचितों से करीब 3 करोड़ 32 लाख रुपये ठग लिए।
पुलिस के मुताबिक विजय गुप्ता की पहचान वर्ष 2023 में जमीन सौदे के दौरान अशोक गिडवानी से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच भरोसा बढ़ा और आरोपितों ने अधिक मुनाफे का लालच देकर निवेश कराने की योजना बनाई।
झांसे में आकर विजय गुप्ता, उनके स्वजन और मित्रों ने किस्तों में बड़ी रकम आरटीजीएस और बैंक चेक के माध्यम से भावेश ट्रेडर्स और गणेश किचन नावेल्टी जैसी फर्मों के खातों में ट्रांसफर कर दी।
आरोपितों ने हर तीन महीने में मुनाफा देने का वादा किया था, लेकिन लंबे समय तक रकम नहीं लौटाई गई।
जब पीड़ितों ने पैसे वापस मांगे तो आरोपितों ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर बैंक खातों और लेनदेन की जांच शुरू कर दी है।









