भीषण हादसे में 5 की मौत, जांजगीर में ट्रक-स्कॉर्पियो मे आमने-सामने से भिड़ंत, मृतकों में 2 सेना के जवान, 3 की हालत गंभीर

Five people killed in a horrific accident in Janjgir, a head-on collision between a truck and a Scorpio. Two of the deceased are army personnel and three are in critical condition.

जांजगीर 26 नवंबर 2025। जांजगीर-चांपा जिले में भीषण सड़क हादसे में 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गयी, वहीं 3 अन्य की हालत गंभीर बतायी जा रही है। बताया जा रहा है कि ग्राम सुकली में नेशनल हाईवे 49 पर देर रात तेज रफ्तार ट्रक और स्कॉर्पियो के बीच आमने-सामने से टक्कर हो गयी। इस भीषण टक्कर में स्कार्पियों के जहां परखच्चे उड़ गये। वहीं उसमें सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में शामिल राजेंद्र कश्यप और पोमेश्वर जलतारे सेना के जवान थे। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही आज सुबह एसपी विजय पांडेय और कलेक्टर मौके पर पहुंचे। उन्होने राहत-बचाव कार्य की जानकारी लेने के साथ ही मृतकों के परिजनों से मुलाकात की।

जानकारी के मुताबिक नवागढ़ के रहने वाले करीब आठ लोग स्कार्पियो में सवार होकर पंतोरा गांव बारात में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद मंगलवार की देर रात सभी स्कार्पियों से वापस नवागढ़ लौट रहे थे। इसी दौरान सुकली गांव के पास एनएच-49 पर ट्रक से स्कार्पियों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर जांजगीर पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। टक्कर में तीन व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई थी।

जबकि अन्य घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान दो अन्य लोगों ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस के मुताबिक इस विश्वनाथ देवागन, राजेंद्र कश्यप, पोमेश्वर जलतारे, भूपेंद्र साहू और कमलनयन साहू की मौत हुई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतको में दो सेना के जवान भी शामिल है। जो कि बारात में शामिल होने के लिए स्कार्पियों से गये थे और लौटते वक्त हादेस का शिकार हो गये। वहीं इस दुर्घटना में 3 अन्य लोगों को गंभीर चोटे आई है, जिन्हे प्राथमिक उपचार के बाद सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया है।

हादसे में मृतक जवान की एक सप्ताह पहले ही हुई थी शादी

जांजगीर जिले में हुए इस भीषण हादसे में मृतकों में शामिल राजेंद्र कश्यप श्रीनगर में पोस्टेड थे। बताया जा रहा है कि राजेंद्र अपनी शादी के लिए छुट्टी पर घर लौटे थे। उनकी शादी 18 नवंबर को ही हुई थी। शादी के बाद वह अपने दोस्त की बारात में शामिल होकर लौटने के दौरान हादसे का शिकार हो गये। वहीं पोमेश्वर जलतारे की पोस्टिंग सिक्किम में थी, जो 12 नवंबर को एक महीने की छुट्टी पर नवागढ़ आए थे। उन्हें 8 दिसंबर को लौटना था। पुलिस ने बताया कि पोमेश्वर की शादी को पांच साल हो चुके थे और उनका तीन साल का एक बेटा है।