ढोल बजाओ–प्रबंधन जगाओ अभियान के तहत 8 जून को मुख्य अभियंता कार्यालय कोरबा पश्चिम का होगा घेराव

Under the campaign "Dhol Bajao-Management Jago" (Play the drums, awaken the management), the Chief Engineer's office in Korba West will be surrounded on June 8.

पुरानी पेंशन, नियमित भर्ती, संविदा कर्मियों के नियमितीकरण सहित विभिन्न मांगों को लेकर विद्युत कर्मचारी जनता यूनियन का आंदोलन तेज

कोरबा। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत कर्मचारी जनता यूनियन द्वारा कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी “ढोल बजाओ–प्रबंधन जगाओ अभियान” के तहत 8 जून 2026, सोमवार को शाम 3:00 बजे कोरबा पश्चिम क्षेत्र में विशाल प्रदर्शन एवं घेराव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

यह जानकारी देते हुए यूनियन के प्रांतीय उपाध्यक्ष सम्मेलाल श्रीवास ने बताया कि सभी कर्मचारी एवं पदाधिकारी इरेक्टर हॉस्टल, कोरबा पश्चिम में एकत्रित होंगे, जहां से ढोल-नगाड़ों के साथ विशाल पैदल मार्च निकालते हुए मुख्य अभियंता कार्यालय, कोरबा पश्चिम पहुंचेंगे। इसके पश्चात मुख्य अभियंता कार्यालय का घेराव कर कंपनी के अध्यक्ष के नाम मांगों से संबंधित ज्ञापन मुख्य अभियंता को सौंपा जाएगा।

सम्मेलाल श्रीवास ने बताया कि विद्युत कंपनी में हजारों पद रिक्त होने के बावजूद नियमित भर्ती नहीं की जा रही है, जिससे कर्मचारियों पर कार्यभार लगातार बढ़ रहा है। वहीं पुरानी पेंशन योजना की बहाली, संविदा कर्मियों का नियमितीकरण, वेतन विसंगतियों का निराकरण तथा कर्मचारियों के विभिन्न लंबित मामलों पर भी प्रबंधन द्वारा कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इन्हीं मुद्दों को लेकर जनता यूनियन लगातार आंदोलनरत है।

उन्होंने बताया कि इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में विद्युत कर्मचारी जनता यूनियन के प्रांतीय अध्यक्ष अनिल द्विवेदी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। साथ ही प्रदेश एवं क्षेत्र के कई वरिष्ठ श्रमिक नेता, यूनियन पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी कार्यक्रम में शामिल होंगे।

प्रमुख मांगें

पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली।

संविदा कर्मियों का नियमितीकरण।

विद्युत कंपनी में रिक्त पदों पर नियमित भर्ती प्रारंभ करना।

मृतक एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों के आश्रितों को रोजगार एवं लंबित प्रकरणों का निराकरण।

वेतन विसंगतियों एवं पदोन्नति संबंधी समस्याओं का समाधान।

कर्मचारियों को बेहतर कार्य सुविधा एवं सुरक्षा संसाधन उपलब्ध कराना।

कर्मचारियों के लंबित प्रशासनिक एवं सेवा संबंधी मामलों का त्वरित निराकरण।

सम्मेलाल श्रीवास ने सभी कर्मचारियों, संविदा कर्मियों एवं श्रमिक साथियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जब तक कर्मचारियों की जायज मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक जनता यूनियन का संघर्ष जारी रहेगा।