वॉशिंगटन , 15 अप्रैल। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि ईरान के साथ चल रहा युद्ध अब खत्म होने के बेहद करीब है। फॉक्स न्यूज़ को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि यह लगभग खत्म होने वाला है।
ट्रम्प के इस बयान से संकेत मिल रहे हैं कि जल्द ही युद्धविराम या शांति समझौते की दिशा में बड़ा फैसला हो सकता है। हालांकि, क्षेत्र में तनाव अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है और आगे की बातचीत अहम मानी जा रही है।
ट्रम्प ने ईरान पर हमले को सही ठहराते हुए बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका ने कार्रवाई नहीं की होती, तो ईरान अब तक परमाणु हथियार बना चुका होता।
उन्होंने दावा किया कि अमेरिका और इजराइल के हमलों से ईरान को भारी नुकसान हुआ है और उसे दोबारा खड़ा होने में करीब 20 साल लग सकते हैं। ट्रम्प ने कहा, “हम अभी खत्म नहीं हुए हैं, आगे क्या होगा देखेंगे।”
ईरान-अमेरिका वार्ता जेडी वेंस की अगुआई में फिर इस्लामाबाद में हो सकती है
अमेरिका और ईरान के बीच दूसरे दौर की बातचीत फिर इस्लामाबाद में होने की संभावना जताई जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस इस बार अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल की अगुआई कर सकते हैं। उनके साथ स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर के भी शामिल होने की संभावना है।
हालांकि, अभी तक बैठक की तारीख और स्थान पर अंतिम फैसला नहीं हुआ है।
ट्रम्प के युद्ध अधिकार सीमित करने के लिए सीनेट में फिर वोट की तैयारी
अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के युद्ध अधिकारों को लेकर राजनीतिक टकराव तेज हो गया है। डेमोक्रेटिक सांसद ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई को रोकने के लिए बुधवार को सीनेट में एक और वोट कराने की तैयारी में हैं।
इलिनॉय से डेमोक्रेट सीनेटर टैमी डकवर्थ ने वॉर पावर्स रेजोल्यूशन पेश करते हुए कहा कि ट्रम्प का “चुनाव का युद्ध” अमेरिकी नागरिकों के लिए खतरा बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे विदेश में अमेरिकी लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है और देश में महंगाई भी बढ़ सकती है। हालांकि, डेमोक्रेट्स पहले भी ऐसे प्रस्ताव लाते रहे हैं, लेकिन सीनेट और हाउस में मामूली बहुमत रखने वाले रिपब्लिकन उन्हें रोकते रहे हैं।
सीनेट के डेमोक्रेटिक लीडर चक शूमर ने कहा कि जब तक यह युद्ध जारी रहेगा, उनकी पार्टी हर हफ्ते इस मुद्दे को वोट के लिए लाती रहेगी।









