सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग और शांति भंग करने वाले 6 आरोपियों पर सरकंडा पुलिस की प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

Sarkanda police took preventive action against 6 people accused of creating ruckus and disturbing peace in a public place.

बिलासपुर। शहर में कानून और शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए सरकंडा पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में थाना सरकंडा पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर विवाद और हुड़दंग कर क्षेत्र की शांति व्यवस्था भंग करने वाले 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

थाना सरकंडा की पुलिस टीम गश्त एवं पेट्रोलिंग पर निकली थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ युवक सार्वजनिक स्थान पर वाद-विवाद और हुड़दंग कर क्षेत्र का माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और युवकों को समझाइश दी। समझाने के बावजूद आरोपी शांत नहीं हुए और संज्ञेय अपराध घटित करने पर आमादा रहे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने सभी 6 आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक (सरकंडा) तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी नरेश कुमार चौहान के नेतृत्व में यह पूरी कार्रवाई की गई। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170, 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है।

ये आरोपी किए गए गिरफ्तार
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में राहुल कलशा (26) पिता गिरजा प्रसाद निवासी श्याम नगर लिंगियाडीह, वकील कुरैशी (44) पिता हनिफ कुरैशी निवासी पठान मोहल्ला चांटीडीह, रेहान खान (20) पिता मोहम्मद मंसुर मौमित निवासी बंधवापारा, समीर हुसैन (19) पिता शेख अहमद निवासी सतबहिनीया मंदिर के पास बंधवापारा, दीपक साहू (18) पिता दुर्गेश साहू निवासी अशोक नगर और शनि यादव (19) पिता गणेश यादव निवासी मुरूम खदान अशोक नगर शामिल हैं। इस कार्रवाई में थाना सरकंडा के अधिकारी और कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा। बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों से क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।