तंबाकू नियंत्रण अभियान: कोरबा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 15 दुकानदारों पर कसा शिकंजा

Tobacco control campaign: Korba police take major action, crackdown on 15 shopkeepers

चार थाना क्षेत्रों में कोटपा एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई

  • शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पाद बेचने वालों पर पुलिस की पैनी नजर

कोरबा। जिले में सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की अवैध बिक्री पर रोक लगाने के लिए कोरबा पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक कोरबा के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष तंबाकू नियंत्रण अभियान के तहत पुलिस टीम ने अलग-अलग क्षेत्रों में दबिश देकर कोटपा (COTPA) एक्ट के नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 15 दुकानदारों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने विशेष रूप से स्कूल और कॉलेजों के आसपास संचालित दुकानों की सघन जांच की। अभियान के तहत थाना दर्री में 4, कुसमुंडा में 4, बांकीमोंगरा में 4 और चौकी सर्वमंगला क्षेत्र में 3 प्रकरण दर्ज कर दुकानदारों से जुर्माना वसूला गया। पुलिस प्रशासन ने सभी व्यापारियों को नियमों का पालन करने की सख्त चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित क्षेत्रों में तंबाकू उत्पादों की बिक्री करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।