कोरबा। कोरबा जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच मिनीमाता हसदेव बांगो जलाशय का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बुधवार शाम 6:30 बजे बांध का जलस्तर 358.60 मीटर यानी अपनी कुल क्षमता का 93.65 प्रतिशत तक पहुंच गया। बांध में पानी की भारी आवक को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने शाम 7 बजे बांध के तीन महत्वपूर्ण गेटों को खोल दिया है।
इतने मीटर खोले गए गेट, बढ़ा आउटफ्लो
जल संसाधन विभाग से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए गेट क्रमांक 5 को 0.40 मीटर, गेट क्रमांक 6 को 0.70 मीटर और गेट क्रमांक 7 को 0.40 मीटर खोला गया है। इन तीनों गेटों की कुल ओपनिंग 1.50 मीटर दर्ज की गई है। इसके साथ ही हसदेव नदी में पानी का डिस्चार्ज तेजी से बढ़ गया है, जिससे नदी का जलस्तर भी ऊपर उठने लगा है।
शाम होते-होते तेजी से बढ़ा जलस्तर
इससे पहले बुधवार शाम 4 बजे बांध का जलस्तर 358.49 मीटर दर्ज किया गया था। आंकड़ों के मुताबिक, सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे के बीच ही जलस्तर में 14 सेंटीमीटर की भारी वृद्धि दर्ज की गई। इस दौरान बांध में पानी की आवक (Inflow) 38,230 क्यूसेक थी, जबकि हाइडिल पावर प्लांट के जरिए आउटफ्लो केवल 9,000 क्यूसेक ही हो पा रहा था। इनफ्लो और आउटफ्लो के इसी बड़े अंतर के कारण गेटों को खोलना अनिवार्य हो गया था।
प्रशासन की अपील: निचले इलाकों में हाई अलर्ट और मुनादी
जलाशय के गेट खुलने के बाद जिला प्रशासन और जल संसाधन विभाग पूरी तरह मुस्तैद हैं और स्थिति पर चौबीसों घंटे नजर रखी जा रही है। संभावित बाढ़ प्रभावित तटीय क्षेत्रों और निचले गांवों में लोगों को सतर्क रहने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने हसदेव नदी के किनारे और तटीय बस्तियों (जैसे सीतामणी व इमलीडुगु) में रहने वाले लोगों से अपील की है कि वे किसी भी स्थिति में नदी के आसपास या घाटों पर न जाएं। मवेशियों को सुरक्षित ऊंचे स्थानों पर रखने और बच्चों को नदी-नालों से दूर रखने की हिदायत दी गई है। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए जिला आपदा प्रबंधन की टीमें भी अलर्ट मोड पर हैं।







