कोरबा। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के नेतृत्व में चलाए जा रहे “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोतवाली थाना क्षेत्र की मानिकपुर पुलिस सहायता केंद्र को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मिनीमाता गर्ल्स कॉलेज परिसर में हुई चोरी की वारदात का त्वरित खुलासा करते हुए एक वयस्क आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि मामले में संलिप्त तीन विधि से संघर्षरत बालकों (नाबालिगों) को संरक्षण में लिया है।
कॉलेज परिसर से पार किया था एल्युमिनियम
मिली जानकारी के अनुसार, चोरों ने मिनीमाता कन्या महाविद्यालय परिसर को निशाना बनाकर वहां से कीमती सामान पार कर दिया था। घटना की शिकायत मिलने के बाद मानिकपुर पुलिस की टीम लगातार संदिग्धों पर नजर रखे हुए थी। मुखबिरों से मिली सटीक सूचना और कड़ी पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों को धर दबोचा।
चोरी का सामान और औजार बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया एल्युमिनियम का फ्रेम और लोहे का अन्य सामान शत-प्रतिशत बरामद कर लिया है। इसके साथ ही वारदात को अंजाम देने के लिए इस्तेमाल किए गए औजार जैसे सब्बल और पेचकस भी जब्त किए गए हैं।
बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज
मानिकपुर पुलिस ने इस मामले में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 699/2026 दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4), 305(1) और 3(5) के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आम नागरिकों की सुरक्षा और संपत्ति की रक्षा के लिए अपराधियों के खिलाफ ऐसी प्रभावी कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।







