कोरबा/दर्री। दर्री थाना क्षेत्र के जमनीपाली स्थित साडा कॉलोनी में एक मोबाइल दुकान का शटर तोड़कर चोरी करने वाले शातिर आरोपी को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दबोच लिया है। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में लिया है।
दोपहर को आया, रात को शटर चटकाया
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 29 अगस्त की दोपहर करीब 1:48 बजे एक युवक जमनीपाली स्थित ‘प्रगति टेलीकॉम’ दुकान में मोबाइल खरीदने के बहाने दाखिल हुआ था। उसने दुकान में रखे कई मोबाइल फोन देखे और कुछ देर बाद बिना कुछ खरीदे वहां से चला गया। दरअसल, वह चोरी की नीयत से दुकान की रेकी करने आया था। उसी रात करीब 11:50 बजे वही युवक हाथ में लोहे की रॉड लेकर दोबारा दुकान के पास पहुंचा। उसने रॉड की मदद से दुकान का शटर तोड़ा और अंदर घुस गया। आरोपी ने काउंटर में रखे तीन नग मोबाइल फोन और गल्ले (कैश बॉक्स) से करीब 5 हजार रुपये नकद चुराए और रफूचक्कर हो गया।
CCTV फुटेज में साफ दिखा चेहरा, पुलिस ने दबोचा
सुबह जब दुकान संचालक को चोरी की भनक लगी, तो तुरंत दर्री पुलिस को इसकी सूचना दी गई। पुलिस ने जब दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, तो आरोपी का चेहरा और उसका हुलिया बेहद स्पष्ट दिखाई दे रहा था। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान शांतनु निवासी बालको के रूप में की और घेराबंदी कर उसे धर दबोचा।
माल बरामदगी के लिए पूछताछ जारी
दर्री पुलिस ने आरोपी शांतनु को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से चोरी किए गए तीनों मोबाइल और 5 हजार रुपये की नकदी बरामद करने के संबंध में कड़ाई से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है,







