महाराष्ट्र की महिला एवं बाल विकास मंत्री अदिति तटकरे ने विधानसभा में एक सवाल के जवाब में कहा कि राज्य सरकार बाल विवाह की अवैध प्रथा को रोकने के उद्देश्य से शादी के निमंत्रण पत्रों पर दूल्हा और दुल्हन दोनों की जन्म तिथि लिखना अनिवार्य करने के नियम पर गंभीरता से विचार कर रही है
महाराष्ट्र में बाल विवाह जैसी अवैध प्रथा को जड़ से खत्म करने के लिए राज्य सरकार एक अनोखा नियम लागू करने पर विचार कर रही है. इसके तहत अब शादी के निमंत्रण पत्रों (कार्ड) पर दूल्हे और दुल्हन की जन्म तिथि लिखना जरूरी होगा. साथ ही बाल विवाद में मदद करने वालों के खिलाफ में FIR दर्ज की जाएगी.
महाराष्ट्र की महिला एवं बाल विकास मंत्री अदिति तटकरे ने बुधवार को विधानसभा में बीजेपी सदस्य अतुल भातखलकर द्वारा उठाए गए एक सवाल के जवाब में बताया कि राज्य सरकार बाल विवाह की अवैध प्रथा को रोकने के उद्देश्य से शादी के निमंत्रण पत्रों पर दूल्हा और दुल्हन दोनों की जन्म तिथि लिखना अनिवार्य करने के नियम पर गंभीरता से विचार कर रही है. उन्होंने कहा कि राज्य का टारगेट अगले पांच सालों में इस गैर-कानूनी प्रथा की घटनाओं को 10 प्रतिशत से नीचे लाना है.
महाराष्ट्र ने राजस्थान सरकार को पत्र लिखकर शादी के निमंत्रण कार्ड पर दूल्हा और दुल्हन दोनों की जन्मतिथि लिखने की उनकी प्रक्रिया का अध्ययन करने को कहा है. उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र सरकार ग्रामीण विकास और कानून एवं न्याय विभागों के साथ बातचीत करके इसी तरह की व्यवस्था को अपनाने की संभावना की जांच करेगी.







