रायपुर, 14 नवंबर 2026। राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा बेचने की फिराक में घूम रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1.873 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 93,650 रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई एण्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को एण्टी नारकोटिक टास्क फोर्स को सूचना मिली थी कि तेलीबांधा थाना क्षेत्र के रिंग रोड नंबर-1 स्थित मुक्तिधाम के पास दो व्यक्ति गांजा लेकर बिक्री करने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर दोनों संदिग्धों की पहचान की। पूछताछ का प्रयास करने पर आरोपी भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम गणेश राम पटेल और शेरा कुल्हरिया बताया। तलाशी के दौरान उनके पास रखी बोरी से 1.873 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर गांजा जब्त कर लिया है। मामले में तेलीबांधा थाना में अपराध क्रमांक 508/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में गणेश राम पटेल (55 वर्ष), पिता छवि लाल पटेल और शेरा कुल्हरिया (30 वर्ष), पिता कोंदा कुल्हरिया, दोनों निवासी सुभाष नगर देवारपारा, थाना तेलीबांधा, रायपुर शामिल हैं।
पुलिस अब आरोपियों से गांजे की उपलब्धता, परिवहन और बिक्री के संबंध में पूछताछ कर रही है। साथ ही गांजा सप्लाई करने वाले स्रोतों और संभावित खरीदारों का पता लगाने के लिए बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेज खंगाले जा रहे हैं।











