आज से 8 दिन तक बंद रहेगा सुपेला ओवर ब्रिज, रायपुर-दुर्ग आने-जाने वालों को होगी परेशानी

रायपुर-दुर्ग को जोड़ने वाला सुपेला फ्लाई ओवर ब्रिज 8 दिनों के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया। नेशनल हाईवे पर बने इस ब्रिज में मेंटेनेंस के चलते 22 अप्रैल से 29 अप्रैल तक आवाजाही बंद रहेगी। इस रूट से हर दिन करीब 25 हजार गाड़ियां गुजरती हैं।

ट्रैफिक डीएसपी सतीश ठाकुर ने बताया कि, 30 अप्रैल को फिर से पहले की तरह ब्रिज को खोल दिया जाएगा। कुम्हारी में बने फ्लाई ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। अब रायपुर से दुर्ग तक जितने भी फ्लाई ओवर ब्रिज हैं, सभी की तकनीकी खामी को देखा जाएगा।

हर समय रहता है हैवी वाहनों का अधिक दबाव।

हर समय रहता है हैवी वाहनों का अधिक दबाव।

हर दिन गुजरती हैं लगभग 25 हजार गाड़ियां

डीएसपी ट्रैफिक सतीश ठाकुर ने बताया कि सुपेला फ्लाई ओवर ब्रिज से हर दिन रायपुर से भिलाई और भिलाई से रायपुर के लिए लगभग 25 हजार गाड़ियों का आना जाना होता है। इसमें ज्यादातर गाड़ियां हैवी और फोर व्हीलर होती हैं।

चार राज्यों को जोड़ता है NH-53

सुपेला फ्लाई ओवर ब्रिज NH-53 पर बना है। यह नेशनल हाईवे मुख्य रूप से छत्तीसगढ़ सहित महाराष्ट्र, गुजरात और ओडिशा सहित राज्य राज्यों को जोड़ता है। रायपुर और स्पातधानी भिलाई को जोड़ने का प्रमुख मार्ग है। इसके अलावा, यह मार्ग बिलासपुर, सरायपाली, संबलपुर, आरंग सहित दुर्ग की तरफ राजनांदगांव, गोंदिया, नागपुर, भोपाल और उज्जैन जैसे महानगरों को जोड़ता है।

सर्विस रोड पर बढ़ेगा वाहनों का दबाव

फ्लाई ओवर ब्रिज को बंद कर देने से ब्रिज के नीचे छोटी गाड़ियों को आने-जाने के लिए जो सर्विस रोड बनाई गई है, उसपर वाहनों का लोड बढ़ जाएगा। सबसे बड़ी समस्या यह है कि चंद्रा मौर्या और सुपेला थाने के पास रायपुर से भिलाई की तरफ जाने वाली सर्विस रोड काफी सकरी है। इससे यहां वाहनों का दबाव बढ़ने पर दुर्घटना की आशंका भी बढ़ेगी। ट्रैफिक पुलिस ने सावधानी से वाहन चलाने की अपील की है।

शहर के लोगों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील

22 अप्रैल से फ्लाई ओवर ब्रिज को बंद किया जा रहा है। लोकसभा चुनाव के प्रचार और नेताओं के दौरे के कारण शहर की गाड़ियों का भी दबाव बढ़ रहा है। इन सब कारणों को देखते हुए यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वो पॉवर हाउस से नेहरू नगर आने जाने के वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। हाईवे के मार्ग का प्रयोग करने से बचें।

इसके लिए दुर्ग से पाटन मार्ग होते हुए अमलेश्वर रायपुर जा सकते हैं और फिर आगे का रास्ता तय कर सकते हैं। या फिर भिलाई तीन से इंडस्ट्रियल एरिया नंदनी रोड का उपयोग करके आना जाना कर सकते हैं।