अध्यक्ष श्रीमती पद्मिनी देवांगन ने कहा- अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा सरकारी योजनाओं का लाभ, पीएम आवास 2.0 के हितग्राहियों को सौंपे गए अनुज्ञा पत्र
कोरबा/ छुरीकला 2 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ शासन के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शुक्रवार, 02 अक्टूबर 2026 को नगर पंचायत छुरीकला के बस स्टैंड स्थित सांस्कृतिक मंच पर विशेष ‘सेवा सेतु: सरकार आपके द्वार’ शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चले इस शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने स्टॉल लगाकर आम जनता की शिकायतें सुनीं और मौके पर ही आवेदनों का निराकरण किया।
शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पद्मिनी प्रीतम देवांगन, उपाध्यक्ष हीरानंद पंजवानी, कटघोरा तहसीलदार, भाजपा मंडल अध्यक्ष अभिषेक गर्ग, मंडल महामंत्री संजीत सिंह, मंडल मंत्री डेकरांत देवांगन और वरिष्ठ भाजपा नेता नरेश देवांगन की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। कार्यक्रम में दीपका की पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती संतोषी दीवान, श्रीमती प्रीति चौहान, करुणा शंकर देवांगन, श्याम कुमार साहू सहित समस्त पार्षदगण और एल्डरमेन उपस्थित रहे।

अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने का संकल्प
शिविर में उपस्थित आम जनता को संबोधित करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पद्मिनी देवांगन ने आश्वस्त किया कि लोगों की समस्याओं और शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के मंशानुरूप शासन की समस्त जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ नगर के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही इस अभियान का मुख्य लक्ष्य है।
हितग्राहियों को बांटे गए अनुज्ञा पत्र और ऋण पुस्तिका
इस अवसर पर अतिथियों द्वारा विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी 2.0) के अंतर्गत स्वीकृत हितग्राहियों को आवास निर्माण के लिए ‘अनुज्ञा पत्र’ प्रदान किए गए। इसके साथ ही राजस्व विभाग द्वारा किसानों को ‘किसान ऋण पुस्तिका’ का वितरण किया गया, वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बच्चों का ‘अन्नप्राशन’ कराकर माताओं को सुपोषण किट व प्रशस्ति पत्र सौंपे गए।

अधिकारियों-कर्मचारियों और स्वच्छता दीदियों का रहा विशेष योगदान
वृहद स्तर पर आयोजित इस शिविर को सफल बनाने में नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) मोहरलाल गहरवरिया, उप अभियंता अनिल राम, आवास इंजीनियर पीयूष साहू, स्वच्छता इंजीनियर ओमप्रकाश भारद्वाज, कार्यक्रम अधिकारी अवधेश देवांगन, दीना देवांगन, श्रीमती उर्मिला साहू सहित निकाय के समस्त कर्मचारियों और स्वच्छता दीदियों ने सराहनीय भूमिका निभाई। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने इस पहल की सराहना की।







