बिलासपुर, (सकरी)। जिले में अवैध जुआ और सट्टा गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सकरी पुलिस ने ग्राम लाखासार में दबिश देकर ताश पत्ती पर पैसों का दांव लगाते 4 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से ₹6,720 नकद और 52 ताश की पत्तियां जब्त की हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सकरी संजय सिंदे की टीम ने यह कार्रवाई की। 18 नवंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम लाखासार में कुछ लोग खुलेआम हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर छापेमारी की और मौके से ग्राम अमेरी निवासी हिमांशु सुनहरे (19), रमेश जांगड़े (21), संदीप रात्रे (27) और सेवाराम रात्रे (49) को रंगे हाथों धर दबोचा। सकरी पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 1064/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।







