घुडदेवा खदान मार्ग पर घेराबंदी कर पकड़ा गया वाहन, वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका चालक

कोरबा । जिले में अवैध कबाड़ के कारोबार और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लगभग 25 क्विंटल लोहे के स्क्रैप से भरे एक बोलेरो पिकअप वाहन को जप्त किया है। पुलिस ने मामले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 106 के तहत इस्तगासा पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 28 नवंबर को सहायक उप निरीक्षक (सउनि) चक्रधर सिंह राठौर अपने हमराह स्टाफ आरक्षक क्रमांक 779 और 742 के साथ टाउन पेट्रोलिंग पर रवाना हुए थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बांकी से कुसमुंडा की ओर एक वाहन में अवैध कबाड़ भरकर ले जाया जा रहा है। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के बाद प्राप्त दिशा-निर्देशों के तहत पुलिस टीम ने घुडदेवा 3-4 खदान के पास मुख्य मार्ग पर घेराबंदी की।
पूछताछ में कबाड़ मालिक का नाम आया सामने
कुछ देर बाद बांकीमोंगरा की ओर से आ रही महिंद्रा बोलेरो पिकअप (क्रमांक UP 96 AT 2495) को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान वाहन में लगभग 25 क्विंटल लोहे का स्क्रैप और अन्य सामान लोड मिला। पूछताछ में चालक ने अपना नाम प्रथम यादव उर्फ निक्कू (23 वर्ष), पिता स्व. दुकालु यादव, निवासी बरभांठा कसनिया मोड़, थाना कटघोरा बताया। पुलिस ने चालक को स्क्रैप के वैध दस्तावेज पेश करने के लिए नोटिस दिया, लेकिन वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
चोरी की संपत्ति होने के संदेह पर पुलिस ने गवाहों के समक्ष 25 क्विंटल स्क्रैप सहित पिकअप वाहन को जप्त कर लिया। प्रारंभिक जांच में यह कबाड़ लखनपुर (कटघोरा) निवासी दीपक साहू उर्फ ललुआ का होना पाया गया है। पुलिस ने इस्तगासा क्रमांक 04/26 के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम विवेचना शुरू कर दी है।







