Instagram पर अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने वाला आरोपी को पुलिस ने कोलकाता से किया गिरफ्तार

Police arrested the accused from Kolkata for blackmailing by making obscene videos on Instagram.

जांजगीर-चांपा, 19 जुलाई 2026/ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर वीडियो कॉल के दौरान महिला का अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर उसे वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने वाले आरोपी को जांजगीर-चांपा जिले की चांपा पुलिस ने पश्चिम बंगाल के कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया है। साइबर सेल की तकनीकी सहायता से की गई इस कार्रवाई में आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 25 मार्च 2026 को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि करीब एक वर्ष पहले उसकी इंस्टाग्राम के माध्यम से एक युवक से दोस्ती हुई थी। दोनों के बीच नियमित रूप से इंस्टाग्राम वीडियो कॉल पर बातचीत होती थी। इसी दौरान आरोपी ने बिना जानकारी के वीडियो कॉल रिकॉर्ड कर लिया।

इसके बाद आरोपी ने महिला को वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। लगातार मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस की शरण ली।

शिकायत मिलने के बाद थाना चांपा में अपराध क्रमांक 127/26 दर्ज कर आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 67 (ए) तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 79 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना चांपा पुलिस और साइबर सेल ने तकनीकी जांच शुरू की।

जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन पश्चिम बंगाल के कोलकाता में मिलने पर पुलिस टीम तत्काल रवाना हुई। वहां से आरोपी अमल रैन (19 वर्ष), पिता लाल मोहम्मद रैन, निवासी रविंद्र सारनी, थाना पोस्ता, जिला कोलकाता (पश्चिम बंगाल) को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

जांजगीर-चांपा पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों पर लगातार नजर रखी जा रही है। किसी भी व्यक्ति को ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग, अश्लील सामग्री वायरल करने की धमकी या साइबर ठगी का सामना करना पड़े तो तत्काल पुलिस या साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करना चाहिए।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव के मार्गदर्शन में उप निरीक्षक सत्यम चौहान, प्रधान आरक्षक सुनील सिंह, आरक्षक ईश्वरी राठौर तथा थाना चांपा स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।