दूरस्थ गांवों के किसानों के लिए नजदीक आया धान खरीदी केंद्रपरसदा में नया उपार्जन केंद्र शुरू होने से आसपास के गांवों के किसानों को घर के पास धान बेचने की सुविधा

Paddy procurement centre nears farmers in remote villages; new procurement centre at Parasada allows farmers in nearby villages to sell paddy near their homes

कोरबा, 19 नवंबर 2026/ खेतों में धान की कटाई और मिंजाई के बीच अब किसानों को उपज बेचने के लिए दूर के खरीदी केंद्रों तक जाने की परेशानी नहीं होगी। छत्तीसगढ़ शासन की अनुमति से खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 एवं आगामी वर्षों के लिए कोरबा जिले में शुरू किए गए आठ नए धान उपार्जन केंद्रों में पाली विकासखंड का परसदा केंद्र भी शामिल है। दूरस्थ क्षेत्र में खुले इस केंद्र से आसपास के गांवों के किसानों को नजदीक में ही धान विक्रय की सुविधा मिल रही है।
परसदा केंद्र से परसदा, बापापुती, शिवपुर और फूलवारीपारी सहित आसपास के गांवों के किसान लाभान्वित होंगे। यहां चार सौ से अधिक किसान पंजीकृत हैं। केंद्र शुरू होने के साथ ही किसानों ने धान बेचना भी आरंभ कर दिया है। खरीदी के पहले दिन, 15 नवंबर को किसान विश्राम सिंह ने 10 क्विंटल 40 किलोग्राम धान बेचा। वहीं 18 नवंबर को महिला किसान रामकली तिवारी ने 53 क्विंटल 60 किलोग्राम धान का विक्रय किया। नए केंद्र में किसानों के बैठने और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है।
पाली विकासखंड के ग्राम बोदलपारा निवासी किसान जानिक राम ने बताया कि उन्होंने अपने खेत में धान की 1010 किस्म लगाई है और इस वर्ष फसल अच्छी हुई है। उनके पास लगभग छह एकड़ खेती है। पिछले वर्ष उन्होंने करीब 72 क्विंटल धान बेचा था और इस साल भी लगभग इतनी ही उपज बेचने की उम्मीद है। पहले उन्हें घर से करीब चार किलोमीटर दूर निर्धारित केंद्र जाना पड़ता था। अब गांव के पास ही उपार्जन केंद्र शुरू होने से धान बेचने में आसानी होगी और आने-जाने का समय तथा खर्च भी कम होगा। खेतों में अभी कटाई-मिंजाई का काम चल रहा है; आने वाले दिनों में वे धान बेचने केंद्र पहुंचेंगे।
जानिक राम ने कहा कि पास में खरीदी केंद्र खुलना किसानों के लिए बड़ी सहूलियत है। उन्होंने इस वर्ष किसानों को धान विक्रय के साथ मिलने वाली अंतर राशि और आदान सहायता राशि को भी छोटे किसानों के लिए उपयोगी बताया।
परसदा के साथ जिले के सात अन्य स्थानों पर भी नए केंद्र शुरू किए गए हैं। नवापारा (सि.) केंद्र से नवापारा, पाल ढुरेना, कोठीखर्रा, सरपता, सिमगा, गड़रा, जामकछार और घोंसरा के किसान जुड़ेंगे। परला केंद्र में कापनपारा, धुवापुर, चोटिया, परला, बनिया, भुजंगकछार, मड़ई, लमना, लाद, लालपुर और हड़मोरा के किसानों को सुविधा मिलेगी।


डोडकी केंद्र से टाड़पखना, डोडकी, नवापारा, नानबांका, बहनाईपुर, बड़ेबांका, मदनपुर, सगुना, भोंडकछार, भेलवाटिकरा और पटपरा के किसान लाभान्वित होंगे। ढोलपुर केंद्र जोरहाडबरी, खमरिया, ढोलपुर और पथरी; पुरेना केंद्र पुरेना, खरहरी और जर्वे; चोड़ा केंद्र चोड़ा, अंडीकछार और रामपुर; जबकि मुढ़ाली केंद्र मुढ़ाली और कटसीरा के किसानों को धान बेचने की सुविधा देगा।
नए उपार्जन केंद्रों के शुरू होने से दूरस्थ गांवों के किसानों को अब धान विक्रय के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। इससे परिवहन का खर्च और समय घटेगा, खरीदी प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक बनेगी तथा केंद्रों पर भीड़ कम करने में मदद मिलेगी। किसान अपने नजदीक धान बेच सकेंगे और खरीफ उपज का उचित प्रबंधन कर पाएंगे।