गुरु पूर्णिमा पर 29 जुलाई को माँ सर्वमंगला मंदिर घाट, कोरबा में हसदेव आरती का होगा भव्य आयोजन

On Guru Purnima, on July 29, a grand Hasdev Aarti will be organised at Maa Sarvamangala Mandir Ghat, Korba.

नमामि हसदेव सेवा समिति ने मासिक हसदेव आरती में नदी संरक्षण के संकल्प के साथ नागरिकों से सहभागिता की अपील की

कोरबा। नमामि हसदेव सेवा समिति द्वारा कोरबा जिले की जीवनदायिनी हसदेव नदी, उसकी सहायक नदियों तथा अन्य प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण, प्रदूषण में कमी लाने और नदी तटों के सौंदर्यीकरण के उद्देश्य से निरंतर जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत प्रत्येक माह की पूर्णिमा को माँ सर्वमंगला मंदिर घाट, कोरबा में सायं 5 बजे हसदेव आरती का आयोजन किया जाता है।
समिति ने बताया कि गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर 29 जुलाई 2026 (बुधवार) को सायं 5 बजे माँ सर्वमंगला मंदिर घाट, कोरबा में विशेष हसदेव आरती का आयोजन किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य हसदेव नदी एवं अन्य प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना और जनसहभागिता को बढ़ावा देना है।
नमामि हसदेव सेवा समिति का कहना है कि हसदेव नदी को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाए रखने के साथ-साथ उसकी सहायक नदियों एवं प्राकृतिक जल स्रोतों का संरक्षण समय की आवश्यकता है। समिति लगातार सामाजिक सहभागिता के माध्यम से नदी संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है।
इस आयोजन के मुख्य यजमान के रूप में डॉ. किरण चौहान, प्राचार्य, ज्योति भूषण प्रताप सिंह विधि महाविद्यालय, कोरबा उपस्थित रहेंगे वहीं विशिष्ट यजमान के रूप में श्री राजकुमार देवांगन, प्राचार्य, सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सी.एस.ई.बी., कोरबा पूर्व, श्रीमती इंदु अग्रवाल, प्राचार्य, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कोरबा, श्री नरसिंह शास्त्री, व्याख्याता, दयानंद एंग्लो वैदिक विद्यालय, एस.ई.सी.एल., कोरबा तथा श्रीमती सविता पाठक, व्याख्याता, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय साडा कन्या, कोरबा अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
नमामि हसदेव सेवा समिति ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर आयोजित हसदेव आरती में सपरिवार शामिल होकर नदी संरक्षण के इस जनअभियान का हिस्सा बनें तथा पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को मजबूत करें।